भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में हुई पथराव की घटना को लेकर कहा है कि ऐसे साजिशी सिंडिकेट कभी सफल नहीं होंगे। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर भी तीखा हमला बोला।
बीते वर्षों से देश को अशांति में झोंकने की साजिश का आरोप
मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, “तुर्कमान गेट और उसके आसपास की साजिशें कोई नई नहीं हैं। पिछले 10 वर्षों से देश को सांप्रदायिक दंगों, उन्माद और उग्रवाद की आग में झोंकने की लगातार कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन ये साजिशी सिंडिकेट कभी सफल नहीं हुए।”
सांप्रदायिक संक्रमण से सतर्क रहने की जरूरत
उन्होंने कहा कि हर सांप्रदायिक फसाद में सियासी मफाद तलाशने वाले साजिशी सिंडिकेट के सांप्रदायिक संक्रमण से समाज को सावधान रहना होगा। यह न तो समाज के हित में है और न ही देश के सौहार्द के लिए ठीक है।
सांप्रदायिक तनाव से राजनीतिक लाभ लेने का आरोप
विरोधियों पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता ने कहा, “ये वे लोग हैं जो हर सांप्रदायिक फसाद के जरिए राजनीतिक फायदे की तलाश करते हैं। समाज के बड़े हिस्से में भय और भ्रम फैलाकर अपने स्वार्थ का गुणा-भाग करते हैं।”
देश का ताना-बाना तोड़ने की कोशिश का दावा
मुख्तार अब्बास नकवी ने आरोप लगाया कि ऐसे लोग चाहते हैं कि देश का सौहार्द बिगड़े, सामाजिक ताना-बाना टूटे और पूरी दुनिया में भारत की बदनामी हो। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों को कभी सफल नहीं होने देना चाहिए।
तुर्कमान गेट मामले में सांसद का नाम आने पर प्रतिक्रिया
तुर्कमान गेट पत्थरबाजी मामले में सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी का नाम सामने आने पर नकवी ने कहा कि अराजकता और उग्रवाद को बढ़ावा देने की सोच, चाहे संसद के अंदर हो या बाहर, देशहित में नहीं है।
संविधान की शपथ का हवाला
भाजपा नेता ने कहा, “आप संसद में संविधान की शपथ लेकर आए हैं, लेकिन ऐसे कार्य कर रहे हैं जिनसे देश टूटे, सौहार्द का ताना-बाना बिखरे और अराजकता व उग्रवाद को बढ़ावा मिले।”
राहुल गांधी की जीडीपी टिप्पणी पर पलटवार
मुख्तार अब्बास नकवी ने जीडीपी को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की टिप्पणी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी डूबती डायनेस्टी के ढपोरशंखों का डिज्नीलैंड बन चुकी है और ऐसी ही डिफॉल्टर डिंगबाजी आगे भी सुनाई देगी।
देश का माहौल सकारात्मक, जनता कांग्रेस से दूर
उन्होंने कहा कि आज देश का माहौल सकारात्मक है और अगर इसमें डिस्ट्रेक्टिव राजनीति का तड़का लगाया जाएगा तो जनता उसे स्वीकार नहीं करेगी। जमीन पर जनता कांग्रेस की राजनीति की धुनाई कर रही है और उसका जनाधार लगातार सिमटता जा रहा है।
परिवारतंत्र को बताया पराजय की प्रयोगशाला
भाजपा नेता ने कहा कि विपक्ष यह गलतफहमी न पाले कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन और समावेशी सशक्तीकरण को किसी आंदोलन से खत्म किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का परिवारतंत्र अब पराजय की प्रयोगशाला बनता जा रहा है, इसलिए पराजित पराक्रमियों का पाखंड साफ दिखाई दे रहा है। (इनपुट: आईएएनएस)


