प्रतिक्रिया | Saturday, July 27, 2024

मुंबई घाटकोपर होर्डिंग हादसा, मरने वालों की संख्या हुई 14, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में सोमवार (13 मई) को धूल भरी आंधी के कारण घाटकोपर इलाके में एक विशालकाय होर्डिंग गिरने से बड़ा हादसा हुआ। मुंबई के घाटकोपर इलाके में धूल भरी आंधी और बारिश के दौरान एक पेट्रोल पंप पर 100 फुट लंबा विज्ञापन होर्डिंग गिर गया, घाटकोपर होर्डिंग गिरने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। कुल 88 पीड़ित थे, जिनमें से 74 को घायल अवस्था में बचाया गया। एनडीआरएफ के टीमों ने रात भर बचाव कार्य किया। घायलों को राजावड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने देर शाम घाटकोपर में होर्डिंग गिरने की घटना के बाद घटनास्थल का दौरा किया और मुंबई शहर में सभी होर्डिंग के ढांचों की लेखा परीक्षा का आदेश दिया। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है।

घाटकोपर में होर्डिंग गिरने की घटना पर एनडीआरएफ सहायक कमांडेंट निखिल मुधोलकर ने बताया, “कल शाम से बचाव अभियान जारी है। हमने कुल 88 लोगों को बाहर निकाला है जिसमें से 14 लोगों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया है बाकी 31 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया है और कुछ लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। हमने टीन गर्डर के नीचे से 9 लोगों को निकाला जिन्हें डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, गर्डर के नीचे कुछ लोगों के अभी भी फंसे रहने की आशंका है।”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने होर्डिंग गिरने के कारण लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, ‘मुंबई के घाटकोपर क्षेत्र में होर्डिंग गिरने से अनेक लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं तथा राहत और बचाव कार्य की सफलता की कामना करती हूं।’

इस बारे में बीएमसी ने बताया कि घाटकोपर होर्डिंग हादसे 14 लोगों की मौत हो गई, वर्तमान में 44 घायल व्यक्तियों को चिकित्सा उपचार प्रदान किया जा रहा है, जिनमें से 31 को उपचार के बाद पहले ही छुट्टी दे दी गई है। विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय के साथ, घटनास्थल पर बचाव अभियान जारी है।

(Input from agencies)

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5529396
आखरी अपडेट: 26th Jul 2024