सिंगापुर दौरे पर नायडू, निवेश और तकनीकी सहयोग बढ़ाने पर जोर

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को सिंगापुर में स्टार्टअप संस्थापकों और वेंचर कैपिटल निवेशकों के साथ बातचीत करते हुए उन्हें राज्य के विकास और नवाचार अभियान का भागीदार बनने का आमंत्रण दिया।

दो दिवसीय सिंगापुर दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने स्टार्टअप संस्थापकों और वेंचर कैपिटल निवेशकों के साथ आयोजित एक राउंड टेबल बैठक को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आंध्र प्रदेश की नवाचार, उद्यमिता और वैश्विक निवेश साझेदारी से जुड़ी दीर्घकालिक रणनीति को साझा किया।

चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि सिंगापुर में स्टार्टअप निवेशकों और वेंचर कैपिटल समुदाय के साथ संवाद करना उनके लिए सुखद अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि नए विचारों को बड़े और सफल उद्यमों में बदलने में वेंचर कैपिटल की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यह नवाचार, जोखिम लेने की संस्कृति और भविष्य के उद्योगों के निर्माण को प्रोत्साहित करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आंध्र प्रदेश अपनी उद्यमशील आबादी, ‘वन फैमिली-वन एंटरप्रेन्योर’ जैसी पहल और कारोबार को आसान बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता के कारण नवाचार आधारित विकास के लिए मजबूत आधार प्रदान करता है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने और उभरते क्षेत्रों में अवसर सृजित करने के लिए रतन टाटा इनोवेशन हब जैसे संस्थानों की स्थापना की है। उन्होंने निवेशकों से आंध्र प्रदेश के साथ साझेदारी करने, नई तकनीकों और नवाचारों में निवेश करने तथा राज्य की विकास यात्रा में भागीदार बनने का आह्वान किया।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच निवेश, प्रौद्योगिकी, उन्नत विनिर्माण, रोबोटिक्स, चिकित्सा उपकरण, शिक्षा और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने आंध्र प्रदेश में प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में हो रही प्रगति, कृषि एवं बागवानी उत्पादों के निर्यात तथा विमान रखरखाव, मरम्मत एवं ओवरहाल (एमआरओ) और जहाज निर्माण जैसे क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की भी जानकारी दी।

रविवार शाम सिंगापुर पहुंचे मुख्यमंत्री का वहां बसे तेलुगु समुदाय ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने इस स्वागत के लिए प्रवासी भारतीयों का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री का यह दौरा निवेश आकर्षित करने और अमरावती सहित राज्य की प्रमुख अवसंरचना परियोजनाओं से जुड़े सहयोग की समीक्षा के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।

अपने दौरे के दौरान चंद्रबाबू नायडू सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग से भी मुलाकात करेंगे और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा वह वर्ल्ड सिटीज समिट में भी हिस्सा लेकर संबोधित करेंगे।

मंगलवार को मुख्यमंत्री भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा आयोजित रोड शो में भाग लेंगे और विभिन्न उद्योगपतियों तथा निवेशकों से मुलाकात करेंगे।

-(इनपुटःएजेंसी)