वस्त्र मंत्रालय द्वारा असम सरकार के सहयोग से आयोजित राष्ट्रीय वस्त्र मंत्रियों का सम्मेलन आज गुरुवार से असम के गुवाहाटी में आरंभ होगा। दो दिवसीय सम्मेलन की थीम “भारत का वस्त्र उद्योग: विकास, विरासत और नवाचार का संगम” है। इसमें देश भर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वस्त्र मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे।

वस्‍त्र मंत्रालय के अनुसार, उद्घाटन सत्र में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा, वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा समेत अन्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। इस दौरान, भारत की वस्त्र उद्योग की शक्ति, नवोन्‍मेषण और समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करने वाली एक प्रदर्शनी और पवेलियन का भी उद्घाटन किया जाएगा।

दो दिवसीय सम्मेलन का उद्देश्य वस्त्र क्षेत्र में नीति, निवेश, स्थिरता, निर्यात, अवसंरचना विकास और प्रौद्योगिकीय उन्नति पर विचार-विमर्श के लिए एक मंच प्रदान करना है। यह सम्मेलन भारत को 2030 तक वैश्विक वस्त्र विनिर्माण हब के रूप में स्थापित करने के सरकार के विजन के साथ संयोजित है। इसमें निर्यात को बढ़ावा देने, रोजगार सृजन और समावेशी विकास पर विशेष बल दिया गया है, जो “विकास भी, विरासत भी” के आदर्शों के अनुरूप है।

देश भर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मंत्रियों और अधिकारियों के भाग लेने और विभिन्न क्षेत्रों और जिलों में कपड़ा मूल्य श्रृंखला को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सर्वोत्तम कार्य-प्रणालियों, चुनौतियों और नीतिगत सुझावों को साझा करने की उम्मीद है।