जल्दबाजी में वापसी नहीं करना चाहता, एक और चोट करियर खत्म कर सकती है : मार्क वुड

इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड इस गर्मी के अंत में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। वुड घुटने की चोट की वजह से एशेज सीरीज के पर्थ टेस्ट से बाहर हो गए थे।

चोटों से प्रभावित रहा करियर

तेज रफ्तार गेंदबाजी के लिए मशहूर 36 वर्षीय वुड का करियर लगातार चोटों से प्रभावित रहा है। मार्च 2025 में बाएं घुटने की सर्जरी के बाद उन्होंने नवंबर में पर्थ टेस्ट के जरिए वापसी की, लेकिन सिर्फ 11 ओवर गेंदबाजी के बाद ही उन्हें पूरी एशेज सीरीज से बाहर होना पड़ा।

सावधानी के साथ वापसी की तैयारी

वुड अब बेहद सतर्कता के साथ वापसी की योजना बना रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि जल्दबाजी में लौटना उनके लिए जोखिम भरा हो सकता है और एक और चोट उनके करियर के लिए घातक साबित हो सकती है।

‘एक और मौका है, उसे सही तरीके से लेना है’

एक इंटरव्यू में वुड ने कहा, “मुझे धीरे-धीरे आगे बढ़ना होगा। सच कहूं तो मेरे पास इसे सही तरीके से करने का शायद एक और मौका है। अगर मैं जल्दबाजी में वापसी करता हूं, तो यह अच्छा नहीं होगा। मैं गर्मियों में बाद में गेंदबाजी में लौटने की कोशिश कर रहा हूं।”

रिकवरी पर निर्भर भविष्य

वुड ने कहा कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन अगर उनकी रिकवरी उम्मीद के मुताबिक नहीं होती है तो वह क्रिकेट के बाद की जिंदगी के बारे में भी सोच सकते हैं।

उम्र और फिटनेस बनी चुनौती

उन्होंने कहा, “मेरी सर्जरी को एक साल से ज्यादा हो चुका है। सात महीने तक मेहनत करके एक मैच खेलना और फिर बाहर हो जाना मुश्किल होता है। मेरी उम्र को देखते हुए मैं मैच मिस नहीं करना चाहता। चोट से पहले मैं तेज और अच्छी गेंदबाजी कर रहा था।”

इंग्लैंड के पेस अटैक पर असर

इंग्लैंड 4 जून से न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के साथ अपने होम समर की शुरुआत करेगा। चोटों की वजह से टीम का पेस अटैक प्रभावित नजर आ रहा है। ब्रायडन कार्स कलाई की चोट के कारण बाहर हैं, जबकि जोफ्रा आर्चर आईपीएल प्रतिबद्धताओं के चलते शुरुआती मैचों में उपलब्ध नहीं हो सकते।

युवा गेंदबाजों को मिल सकता है मौका

ऐसे में जोश टंग, गस एटकिंसन, मैथ्यू पॉट्स और मैथ्यू फिशर जैसे युवा तेज गेंदबाजों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल सकता है।

करियर आंकड़े

मार्क वुड ने अब तक 38 टेस्ट में 119 विकेट, 70 वनडे में 80 विकेट और 38 टी20 मैचों में 54 विकेट हासिल किए हैं। (इनपुट: आईएएनएस)