छठ घाटों पर साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था समय से पूरी करें अधिकारी: सीएम रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ घाटों पर साफ-सफाई, मरम्मत, रंग-रोगन, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े सभी कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा करने के अधिकारियों को सोमवार को निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छठ महापर्व की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

सूर घाट पर तैयारियों का निरीक्षण

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार, रेखा गुप्ता ने सूर घाट पर छठ महापर्व की तैयारियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए।

घाट परिसर की समुचित मरम्मत के निर्देश

रेखा गुप्ता ने घाट परिसर की व्यापक साफ-सफाई कराने के साथ जरूरी स्थानों पर मरम्मत और रंग-रोगन कर उसे स्वच्छ एवं सुंदर बनाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि वर्षों से खराब पड़े हिस्सों को केवल अस्थायी रूप से ठीक करने के बजाय उनकी समुचित मरम्मत की जाए।

जर्जर ढांचे तुरंत दुरुस्त करने को कहा

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने जर्जर द्वार, जंग लगे ढांचे और मरम्मत की जरूरत वाले अन्य हिस्सों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

प्रकाश व्यवस्था का जायजा लेते हुए गुप्ता ने घाट के दोनों ओर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने और सभी लाइटों की जांच कर उन्हें दुरुस्त करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि छठ महापर्व के दिन तक इंतजार करने के बजाय सभी व्यवस्थाएं पहले से पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पूर्वांचल के लाखों परिवारों की आस्था का पर्व

मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व दिल्ली में बसे पूर्वांचल के लाखों परिवारों की आस्था, भावनाओं और अपनी मिट्टी से जुड़े संस्कारों का उत्सव है। उन्होंने अधिकारियों से श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा। (इनपुट: भाषा)