वन नेशन-वन एग्रीकल्चर-वन टीम’: राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन नई दिल्ली में शुरू

नई दिल्ली के पूसा परिसर में सोमवार से दो दिवसीय राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन – रबी अभियान 2025 की शुरुआत हुई। इस वर्ष सम्मेलन का विषय ‘वन नेशन – वन एग्रीकल्चर – वन टीम’ रखा गया है। पहली बार इसे दो दिन का आयोजन बनाया गया है, जिसकी पहल केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की।

सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों और वैज्ञानिकों की मेहनत तथा सरकार की नीतियों के कारण भारत की कृषि 3.7 प्रतिशत की दर से बढ़ रही है, जो विश्व में सबसे अधिक है। उन्होंने कहा, “देश में अनाज, फल और सब्जियों की कोई कमी नहीं होगी। हम भारत को दुनिया की फूड बास्केट बनाएंगे।”

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के शोषण की अनुमति नहीं देगी। नकली खाद, बीज और कीटनाशक बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। केवल वही बायो-स्टिमुलेंट्स (Bio-Stimulants) बिक्री के लिए अनुमति प्राप्त करेंगे, जो सभी मानकों पर खरे उतरेंगे।

शिवराज सिंह ने यह भी कहा कि मौसम अब अनुमानित नहीं रहता, इसलिए अधिक से अधिक किसानों को फसल बीमा के दायरे में लाना होगा। “प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का प्रभावी क्रियान्वयन ज़रूरी है ताकि किसानों को राहत मिल सके,” उन्होंने जोड़ा।

उन्होंने बताया कि ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ का आयोजन अक्टूबर में केंद्र और राज्यों की संयुक्त भागीदारी से फिर से किया जाएगा। उन्होंने कृषि अधिकारियों से कहा कि वे अनुसंधान को केवल कागज़ तक सीमित न रखें, बल्कि किसानों की वास्तविक समस्याओं का समाधान करने पर ध्यान दें।

केंद्रीय कृषि सचिव डॉ. देवेश चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में बताया कि सम्मेलन के तहत छह समानांतर तकनीकी सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं, आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. एम. एल. जात ने भी अपने विचार रखे। उद्घाटन कार्यक्रम में राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा भी उपस्थित रहे।

सम्मेलन में केंद्र और राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी, आईसीएआर के वैज्ञानिक, कृषि विशेषज्ञ, किसान प्रतिनिधि और अन्य हितधारक शामिल हो रहे हैं। यह मंच रबी 2025-26 की तैयारियों, उत्पादन लक्ष्यों और रणनीतियों पर व्यापक चर्चा का अवसर प्रदान करेगा।

– (इनपुट : पीआईबी)