प्रतिक्रिया | Saturday, July 27, 2024

26/12/23 | 12:20 pm

One World One Family Cup, सामाजिक मुद्दों को इंगित करता एक अनोखा फ्रेंडशिप मैच

क्रिकेट एक हार जीत का खेल  है | जहां  एक दल  हमेशा दूसरे  दल को हराने  के लिए भरपूर कोशिश करता  है | किन्तु , जब किसी मैच का   उद्देश्य    एक दूसरे को हराना न होकर सामाजिक चेतना का प्रवाह हो  तब यह  मैच अनमोल हो जाता है | दूसरी ओर जब किसी  मैच में भारत के प्रसिद्ध बल्लेबाज़  सचिन तेंदुलकर , युवराज सिंह जैसे  दिग्गज खिलाड़ी भाग ले रहें हो तो  इसे लेकर उत्सुकता लोगों में और बढ़ जाती है |  हम बात कर रहें हैं  वन वर्ल्ड वन फैमिली कप की जो जनवरी में आयोजित होने वाला एक फ्रेंडशिप क्रिकेट मैच है | 

वास्तव में , 18 जनवरी  2024 को  कर्नाटक के मुद्देनहल्ली में स्थित  साई कृष्णन क्रिकेट स्टेडियम मुद्देनहल्ली  में  एक  फ्रेंडशिप क्रिकेट मैच का आयोजन किया जा रहा है |  जिसका  उद्देश्य लोगों  को संवेदनशील बनाने के लिए  जागरूकता पैदा करना है |  दूसरी ओर  इसका उद्देश्य सभी को अपना मानकर गले लगाना भी है । ऐसा   कहा जाता है कि जब हम दया और करुणा का भाव रखते हैं तब हम  खुश और स्वस्थ रहते हैं | उल्लेखनीय है कि  इस टी-20 मैच में  भारत रत्न   सचिन तेंदुलकर , पद्मभूषण सुनील गावस्कर , युवराज सिंह , जैसे दिग्गज खिलाड़ी  शामिल हो रहे हैं | 

'एक विश्व एक परिवार' दूसरे शब्दों में  वसुधैव कुटुंबकम – एक प्राचीन भारतीय मूल्य है  |  यह भारतीय जीवन दर्शन का सार वाक्य है।   इसके तहत  पूरे विश्व को एक परिवार समझा जाता है | ऐसा माना  जाता है कि पूरे  विश्व के लोग हमारे परिवार के सदस्य हैं |  वास्तव में भारतीय संस्कृति में हजारों वर्ष पहले से ही शांतिपूर्ण सहअस्तित्व और बंधुत्व की भावना के महत्व को समझ लिया गया था। भारतीय परम्परा में हमेशा दया और दान को बढ़ावा  दिया गया है |  हाल ही में  18वें G20 शिखर सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह पहला शिखर सम्मेलन था जब भारत ने G20 देशों के शिखर सम्मेलन की मेज़बानी की। इस शिखर सम्मेलन का विषय  भी “वसुधैव कुटुंबकम” था, जिसका अर्थ है “विश्व एक परिवार है”।

 इस मैच का  आयोजन सत्य साईं ग्राम  मुद्देनहल्ली,  में किया जाएगा , जो श्री मधुसूदन साईं  ग्लोबल ह्यूमैनिटेरिअन मिशन  का प्रमुख केंद्र है | यह  मिशन  सामाजिक उत्थान के लिए प्रयासरत है , जिसका आधार   प्राचीन भारतीय दर्शन पर केंद्रित  है ।इस  मैच का उद्देश्य क्रिकेट की लोकप्रियता का लाभ उठाकर सामने आने वाले गंभीर मुद्दों पर ध्यान आकर्षित करना भी है |

 इस वर्ष ही मार्च महीने में प्रधानमंत्री मोदी ने इस मिशन के तहत  कर्नाटक के चिक्काबल्लापुर में श्री मधुसूदन साई आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान का उद्घाटन किया था | प्रधानमंत्री ने सत्य साईं ग्राम को सेवा का असाधारण मॉडल बताया था | उन्होंने  'विकसित भारत' की उपलब्धि को हासिल करने की यात्रा में सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं की भूमिका के साथ-साथ संतों, आश्रमों और मठों की महान परंपरा का भी उल्लेख किया था । उनका कहना था कि सामाजिक और धार्मिक निकाय, आस्था और आध्यात्मिक पहलुओं के साथ, गरीबों, दलितों, पिछड़ों तथा आदिवासियों को सशक्त बनाते रहे हैं। ध्यातव्य है कि  इस तरह  संस्थान द्वारा किए गए कार्य 'सबका प्रयास' की भावना को मजबूत करते हैं। वहीं “सबका प्रयास' से भारत विकसित राष्ट्र बनने के मार्ग  आगे बढ़ता नज़र आता है |

दीपक दुबे

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5530339
आखरी अपडेट: 26th Jul 2024