कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) ने चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से देशभर के अपने सभी अस्पतालों और औषधालयों में केंद्रीकृत ऑनलाइन रोगी फीडबैक प्रणाली लागू कर दी है। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन ईएसआईसी की इस नई डिजिटल पहल से बीमित व्यक्ति और मरीज अपने स्वास्थ्य सेवा अनुभवों, शिकायतों और सुझावों को सीधे साझा कर सकेंगे।
स्वच्छता, व्यवहार और दवाओं पर दे सकेंगे फीडबैक
नई प्रणाली के तहत मरीज अस्पतालों और औषधालयों में स्वच्छता, चिकित्सा कर्मचारियों के व्यवहार, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और अन्य सेवाओं को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दर्ज कर सकेंगे। इसका उद्देश्य मरीजों के अनुभवों के आधार पर स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार करना है।
कई डिजिटल माध्यमों से मिलेगी सुविधा
ईएसआईसी ने अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए फीडबैक देने के कई विकल्प उपलब्ध कराए हैं। ईएसआईसी एचआईएस (धनवंतरी) मॉड्यूल के माध्यम से सेवा लेने के बाद बीमित व्यक्ति को एसएमएस के जरिए सीधे फीडबैक लिंक भेजा जाएगा। इसके अलावा अस्पतालों और ओपीडी में लगाए गए बहुभाषी पोस्टरों पर मौजूद क्यूआर कोड को स्कैन कर भी मरीज अपनी प्रतिक्रिया दर्ज कर सकते हैं। आधिकारिक ईएसआईसी वेबसाइट के माध्यम से भी फीडबैक देने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
कुछ ही सेकंड में दर्ज होगा फीडबैक
उपयोगकर्ता-अनुकूल इंटरफेस के तहत मरीजों को केवल क्यूआर कोड स्कैन करना होगा, अपना आईपी नंबर दर्ज करना होगा और सेवा अनुभव को रेट कर फीडबैक सबमिट करना होगा। पूरी प्रक्रिया को सरल और तेज बनाया गया है ताकि अधिक से अधिक लोग इसका उपयोग कर सकें।
ओटीपी सत्यापन से बढ़ेगी पारदर्शिता
फीडबैक की प्रामाणिकता सुनिश्चित करने के लिए प्रणाली में ओटीपी आधारित सत्यापन व्यवस्था लागू की गई है। साथ ही डुप्लिकेट फीडबैक को रोकने के लिए विशेष तकनीकी प्रावधान भी किए गए हैं। देश के विविध कार्यबल को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म में बहुभाषी सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
तीन स्तरों पर होगी निगरानी
फीडबैक की प्रभावी निगरानी और शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए मुख्यालय, क्षेत्रीय कार्यालय और स्थानीय स्वास्थ्य सुविधा स्तर पर अलग-अलग डिजिटल डैशबोर्ड तैयार किए गए हैं। इससे अधिकारियों को सेवाओं की गुणवत्ता पर वास्तविक समय में निगरानी रखने में मदद मिलेगी।
कम रेटिंग पर तुरंत होगी कार्रवाई
इस प्रणाली की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि यदि किसी सेवा को 3 से कम रेटिंग मिलती है तो सिस्टम उसे स्वतः चिन्हित कर देगा। इसके बाद संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना मिलेगी, जिससे समयबद्ध और लक्षित सुधारात्मक कार्रवाई की जा सकेगी। इसके अतिरिक्त, सभी स्वास्थ्य सुविधाओं की प्रदर्शन रैंकिंग भी तैयार की जाएगी, जिससे प्रतिस्पर्धा, जवाबदेही और सेवा सुधार को बढ़ावा मिलेगा।
बेहतर स्वास्थ्य सेवा के लिए नई पहल
ईएसआईसी ने कहा कि यह पहल देश के कार्यबल को बेहतर और जवाबदेह स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह प्रणाली मरीजों की आवाज को सीधे स्वास्थ्य सेवा प्रशासन तक पहुंचाने और सेवा गुणवत्ता को लगातार बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होगी। (इनपुट: पीआईबी)


