Print

एसआईआर को लेकर विपक्ष के सवाल बेबुनियाद: जगदंबिका पाल

भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने गुरुवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों को बेबुनियाद बताया।

राहुल गांधी ने एसआईआर के विरोध में बिहार में माहौल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी

उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि राजद नेता तेजस्वी यादव और राहुल गांधी ने एसआईआर के विरोध में बिहार में माहौल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। लोगों के बीच मतदाता सूची को लेकर प्रतिरोधात्मक वातावरण तैयार करने के लिए इन नेताओं ने बाकायदा यात्रा तक निकाली, लेकिन अंत में क्या हुआ? यह किसी से छुपा नहीं है। बिहार में एनडीए ने जीत का परचम लहराया।

बिहार में हमारी सरकार बनी और जनता ने एक बार फिर एनडीए पर भरोसा जताया

उन्होंने कहा कि बिहार में हमारी सरकार बनी और जनता ने एक बार फिर एनडीए पर भरोसा जताया। इससे साफ होता है कि एसआईआर को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवाल बेबुनियाद हैं, जिन्हें किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

सिर्फ उन्हीं मतदाताओं को मतदान का अधिकार दिया जा रहा है जो इसके पात्र हैं

सांसद ने एसआईआर के लाभ गिनाते हुए कहा कि इससे फर्जी मतदाताओं को चिह्नित किया जा रहा है। सिर्फ उन्हीं मतदाताओं को मतदान का अधिकार दिया जा रहा है जो इसके पात्र हैं। ऐसे में विपक्ष को आपत्ति क्यों हो रही है? हम किसी फर्जी व्यक्ति या बांग्लादेश मूल के लोगों को भारत में मतदान का अधिकार कैसे दे सकते हैं? यदि चुनाव आयोग की देखरेख में एसआईआर हो रहा है, तो इससे किसी को क्या परेशानी हो सकती है? इसका स्वागत किया जाना चाहिए, लेकिन अफसोस है कि विपक्ष लगातार इस पर सवाल उठा रहा है।

चुनाव आयोग की देखरेख में एसआईआर के तहत यही सभी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं

भाजपा नेता ने कहा कि वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश में एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है। राज्य में फर्जी मतदाताओं को चिह्नित किया जा रहा है। बिना किसी का धर्म देखे यह जांच की जा रही है कि क्या वह वास्तव में भारत का नागरिक है और क्या उसके पास वैध दस्तावेज मौजूद हैं, जिनसे नागरिकता की पुष्टि हो सके। चुनाव आयोग की देखरेख में एसआईआर के तहत यही सभी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं, लेकिन विपक्ष इसे लेकर ऐतराज जता रहा है।

एसआईआर के तहत केवल फर्जी मतदाताओं को चिह्नित किया जाएगा

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव के बयान पर उन्हें आश्चर्य है, जिसमें कहा गया है कि मतदाता सूची की आड़ में तीन करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम काटे जाएंगे। मैं अखिलेश यादव से कहना चाहता हूं कि किसी के नाम नहीं काटे जाएंगे। एसआईआर के तहत केवल फर्जी मतदाताओं को चिह्नित किया जाएगा, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके।

जगदंबिका पाल ने कहा कि बिहार में एसआईआर को लेकर किसी ने कोई शिकायत नहीं की

जगदंबिका पाल ने कहा कि बिहार में एसआईआर को लेकर किसी ने कोई शिकायत नहीं की, लेकिन पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लगातार इस प्रक्रिया पर सवाल उठा रही हैं, क्योंकि अब उन्हें अपनी हार का डर सता रहा है। (इनपुट-आईएएनएस)