14/11/25 | 1:29 pm

Print

पंडित जवाहरलाल नेहरू ने देश को नई दिशा दी : राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि नेहरू ने देश को एक नई दिशा प्रदान की। उन्होंने एक्स पर लिखा,“भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व से स्वतंत्र भारत में संवैधानिक और लोकतांत्रिक मूल्यों की नींव रखी और देश को नई दिशा दी। उनके आदर्श आज भी हमारे लिए प्रेरणास्रोत हैं। ‘हिंद के जवाहर’ को जयंती पर सादर नमन।”

पंडित नेहरू की विरासत एक शाश्वत प्रकाश स्तंभ

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर कहा, “पंडित नेहरू की विरासत एक शाश्वत प्रकाश स्तंभ की तरह है, जो भारतीय विचार और उनके पोषित मूल्यों-स्वतंत्रता, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और वैज्ञानिक सोच को आलोकित करती है। उनकी दूरदर्शिता हमारी अंतरात्मा को प्रेरित करती रहती है। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री और सत्य, एकता तथा शांति के पुजारी को श्रद्धांजलि।

आधुनिक भारत के निर्माता पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि

देश के भविष्य-हमारे बच्चों-को बाल दिवस की शुभकामनाएं।” कांग्रेस पार्टी ने अपने संदेश में लिखा, “पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि। आधुनिक भारत के दूरदर्शी निर्माता, जिनके लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष और वैज्ञानिक चिंतन के आदर्श आज भी राष्ट्र को विकास और तकनीकी प्रगति की ओर अग्रसर कर रहे हैं। उनकी विरासत हमारा मार्गदर्शन करती रहेगी।”

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बाल दिवस पर बच्चों को शुभकामनाएं दीं

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बाल दिवस पर सभी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “देश का भविष्य आप पर निर्भर है। आपके अच्छे स्वास्थ्य, उत्तम शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं। काबिल बनें और देश का नाम रोशन करें।”

देश के महान प्रगतिशील नेता पंडित जवाहरलाल नेहरू को जयंती पर नमन

कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी ने लिखा, “आधुनिक भारत का ख़्वाब देखने और उसे लोकतांत्रिक ढांचे में ढालकर हकीकत बनाने वाली शख़्सियत, देश के महान प्रगतिशील नेता पंडित जवाहरलाल नेहरू को जयंती पर नमन।”(इनपुट- आईएएनएस)