जम्मू कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसरन घाटी में हुए दर्दनाक आतंकी हमले के बाद अब एक संसदीय समिति वहां दौरा करने जा रही है। यह इस हमले के बाद पहला आधिकारिक दौरा होगा, जिसका उद्देश्य जमीनी हालात की समीक्षा करना और प्रशासनिक व सुरक्षा उपायों का जायजा लेना है। यह दौरा कोयला, खान और इस्पात से संबंधित संसदीय स्थायी समिति द्वारा किया जा रहा है, जिसकी अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर कर रहे हैं। समिति का यह विस्तृत दौरा मुंबई, कूर्ग और श्रीनगर जैसे शहरों को कवर करेगा।
संसदीय समिति कश्मीर दौरे की शुरुआत जम्मू से करेगी, जहां शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अहम बैठकें आयोजित होंगी। जम्मू दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल माता वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन भी करेगा, जिसके बाद वह वंदे भारत एक्सप्रेस से श्रीनगर रवाना होगा। श्रीनगर में समिति द्वारा क्षेत्रीय विकास, आतंकवाद के प्रभाव, आम नागरिकों की स्थिति और पर्यटन पर असर जैसे अहम विषयों पर बैठकें की जाएंगी। इसके बाद समिति पहलगाम के बैसरन घाटी पहुंचेगी, जहां आतंकी हमले की जगह पर प्रत्यक्ष रूप से स्थिति का मूल्यांकन किया जाएगा।
गौरतलब है कि यह आतंकी हमला अत्यंत नृशंस था, जिसमें हमलावरों ने पीड़ितों से उनके नाम पूछकर उन्हें निशाना बनाया। इस जघन्य घटना से देशभर में जन आक्रोश फैल गया है। इस उच्च स्तरीय दौरे के के लिए जम्मू-कश्मीर सरकार ने भूविज्ञान और खनन निदेशक एस.पी. रुकवाल को आधिकारिक समन्वयक नियुक्त किया है।-(IANS)


