प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच आज गुरुवार को फोन पर बातचीत हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने यूक्रेन और पश्चिम एशिया क्षेत्र में चल रहे संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान की प्रयासों पर चर्चा की। राष्ट्रपति मैक्रों ने वॉशिंगटन में यूरोप, अमेरिका और यूक्रेन के नेताओं के साथ हाल ही में हुई बैठकों के बारे में जानकारी साझा की और गाजा की मौजूदा स्थिति पर अपने विचार रखे। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान और जल्द से जल्द शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए भारत के लगातार समर्थन को दोहराया।
दोनों नेताओं ने भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर भी चर्चा की। उन्होंने व्यापार, रक्षा, नागरिक परमाणु सहयोग, तकनीक और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की और 2026 को ‘इनोवेशन का वर्ष’ के रूप में मनाने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
इसके अलावा, राष्ट्रपति मैक्रों ने भारत-यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के शीघ्र निष्कर्ष के लिए अपना समर्थन व्यक्त किया। दोनों नेताओं ने आपसी मुद्दों पर संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।-(PIB)


