पीएम मोदी और यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के बीच फोन पर बातचीत, शांति बहाली पर जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति से फोन पर बातचीत की। बातचीत के दौरान राष्ट्रपति जेलेंस्की ने पीएम मोदी को यूक्रेन से जुड़े हालिया घटनाक्रमों की जानकारी दी और रूस के हालिया हमलों का जिक्र किया। पीएम मोदी ने यूक्रेन में संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान और जल्द से जल्द शांति बहाली के लिए भारत की दृढ़ और लगातार बनी हुई स्थिति को दोहराया।

उन्होंने इस दिशा में भारत की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “राष्ट्रपति जेलेंस्की से बात करके और हाल के घटनाक्रमों पर उनके विचार जानकर मुझे खुशी हुई। मैंने संघर्ष के शीघ्र और शांतिपूर्ण समाधान की आवश्यकता पर भारत की दृढ़ स्थिति से उन्हें अवगत कराया। भारत इस संबंध में हर संभव योगदान देने और यूक्रेन के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।”

वहीं राष्ट्रपति जेलेंस्की ने ‘एक्स’ पर लिखा कि उनकी पीएम मोदी से लंबी बातचीत हुई, जिसमें द्विपक्षीय सहयोग और मौजूदा कूटनीतिक स्थिति सहित सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने पीएम मोदी का यूक्रेन के लोगों के प्रति गर्मजोशी भरे समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। जेलेंस्की ने बताया कि उन्होंने रूस के हालिया हमलों का जिक्र किया, खासकर जोपोरिजिया में बस स्टेशन पर हुए बमबारी के बारे में, जिसमें कई लोग घायल हुए। उन्होंने कहा, “यह तब हो रहा है जब युद्ध खत्म करने की कूटनीतिक संभावना दिख रही है, लेकिन रूस युद्धविराम के बजाय कब्जे और हमलों को जारी रखने की मंशा दिखा रहा है। यह महत्वपूर्ण है कि भारत हमारे शांति प्रयासों का समर्थन कर रहा है और इस रुख को साझा करता है कि यूक्रेन से संबंधित हर निर्णय में यूक्रेन की भागीदारी होनी चाहिए।”

दोनों नेताओं ने रूस पर प्रतिबंधों के मुद्दे पर भी चर्चा की। जेलेंस्की ने कहा, “रूसी ऊर्जा, खासकर तेल के निर्यात को सीमित करना जरूरी है ताकि रूस की युद्ध जारी रखने की क्षमता और संसाधन कम किए जा सकें। हर प्रभावशाली नेता को मॉस्को को इसी तरह का सख्त संदेश देना चाहिए।” बातचीत में यह भी सहमति बनी कि दोनों नेता सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान व्यक्तिगत रूप से मिलेंगे और आपसी यात्राओं के आदान-प्रदान पर भी काम करेंगे। -(IANS)

RELATED ARTICLES

22 mins ago | Abdullah bin Zayed Al Nahyan

जयशंकर और यूएई के विदेश मंत्री अल-नाहयान के बीच द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा

विदेश मंत्री एस. जयशंकर आधिकारिक दौरे पर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पहुंचे, जहां उन्होंने अपने सम...

2 hours ago | Anita Anand

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद की भारत यात्रा: रिश्ते फिर नई ऊंचाई पर, व्यापार और सुरक्षा पर फोकस

वैश्विक अनिश्चितता के बीच भारत और कनाडा के रिश्ते फिर से नई ऊंचाई छूने लगे हैं। कनाडा की विदेश म...