पीएम मोदी बेंगलुरु पहुंचे, राज्यपाल और सीएम ने किया स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बेंगलुरु पहुंचे। उनके आगमन पर कर्नाटक की राज्यपाल सुधा यादव और मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी लिखा, “कर्नाटक आगमन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्यपाल सुधा यादव का हार्दिक स्वागत किया गया।”

बेंगलुरु में कई कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा

प्रधानमंत्री बेंगलुरु में ‘प्रशांति कुटीरम’ के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेंगे और जनसमूह को संबोधित करेंगे। दोपहर करीब 12:45 बजे वे तवरेकेरे से आईआईएम बेंगलुरु मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और स्वयं उसमें सफर भी करेंगे।

https://x.com/PMOIndia/status/2121106259953029361?a=xfW40a1uGTnHNinvGGw&s=20

15,600 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ

दोपहर करीब 1:15 बजे प्रधानमंत्री 15,600 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पण करेंगे। ये परियोजनाएं शहरी परिवहन, विद्युत पारेषण, नवीकरणीय ऊर्जा, पेट्रोलियम अवसंरचना, अपशिष्ट प्रबंधन और रेलवे जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ी हैं। इस अवसर पर वे जनसमूह को भी संबोधित करेंगे।

मैसूरु में कॉसमॉस तारामंडल का उद्घाटन

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी मैसूरु जाएंगे, जहां दोपहर करीब 3:30 बजे वे कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल का उद्घाटन करेंगे। भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान (IIA) द्वारा विकसित यह देश का पहला एलईडी डोम तारामंडल है। यह मैसूरु विश्वविद्यालय परिसर में चामुंडी पहाड़ियों की तलहटी में स्थित है और खगोल विज्ञान शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनेगा।

तारामंडल में पेशेवर खगोल विज्ञान कार्यक्रमों के साथ मैसूरु के इतिहास और खगोल विज्ञान से जुड़े इन-हाउस फिल्म शो भी दिखाए जाएंगे। ये शो कन्नड़, अंग्रेजी और हिंदी में उपलब्ध होंगे। यहां भी प्रधानमंत्री जनसमूह को संबोधित करेंगे। (इनपुट-एजेंसी)