चाय बागान में पीएम मोदी, महिलाओं संग तोड़ी पत्तियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को डिब्रूगढ़ के एक चाय बागान का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां काम कर रही महिला श्रमिकों से मुलाकात की, उनसे बातचीत की और खुद भी चाय की पत्तियां तोड़ीं।

महिला श्रमिकों से बातचीत, अनुभव बताया यादगार

प्रधानमंत्री ने चाय बागान में काम कर रही महिलाओं के साथ समय बिताया और उनके काम को करीब से समझा। उन्होंने इस अनुभव को बेहद यादगार बताते हुए श्रमिकों की मेहनत और समर्पण की सराहना की।

सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीरें

पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर चाय बागान में बिताए पलों की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने लिखा कि चाय असम की आत्मा है और यहां के चाय बागान परिवारों की मेहनत ने राज्य को वैश्विक पहचान दिलाई है।

असम की चाय और श्रमिकों की मेहनत को सराहा

उन्होंने कहा कि असम की चाय ने दुनिया भर में अपनी खास जगह बनाई है और इसके पीछे चाय बागान में काम करने वाले परिवारों की कड़ी मेहनत और लगन है, जिस पर पूरे देश को गर्व है।

संस्कृति से भी हुए रूबरू

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि चाय पत्तियां तोड़ने के बाद महिलाओं ने उन्हें अपनी स्थानीय संस्कृति के बारे में भी बताया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के साथ फोटो और सेल्फी भी ली, जिसे उन्होंने यादगार पल बताया।

असम की पहचान हैं चाय बागान

डिब्रूगढ़ के चाय बागान असम की प्रमुख पहचान हैं, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं मेहनत कर राज्य की चाय को विश्व स्तर पर स्थापित करने में योगदान देती हैं। पीएम मोदी ने कहा कि यह मेहनत सिर्फ उत्पादन तक सीमित नहीं, बल्कि असम की संस्कृति और परंपरा को भी दुनिया तक पहुंचाती है। (इनपुट: आईएएनएस)