प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरोप लगाए हैं कि कांग्रेस ने अपने सियासी फायदे के लिए असम में अस्थिरता पैदा की और राज्य को हिंसा की आग में धकेला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ सरकारें बनाने और कुछ वोट पाने के लिए असम की धरती को घुसपैठियों को सौंप दिया था।
पीएम मोदी ने असम में काजीरंगा कॉरिडोर का भूमि पूजन किया, नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई और कांग्रेस पर अस्थिरता फैलाने का आरोप लगाया
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को असम में काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर प्रोजेक्ट का भूमि पूजन किया। उन्होंने दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने सियासी फायदे के लिए असम में अस्थिरता पैदा की और असम को हिंसा की आग में धकेला।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने स्वतंत्रता के बाद असम में समस्याओं को सुलझाने की बजाय सियासी लाभ के लिए उपेक्षा और विभाजन फैलाया
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद असम के सामने बड़ी चुनौतियां थीं, लेकिन कांग्रेस ने उन समस्याओं का समाधान खोजने की बजाय उस पर सियासी रोटियां सेंकी। उन्होंने कहा कि जब विश्वास की जरूरत थी, तब कांग्रेस ने विभाजन को बढ़ाया। जब संवाद की जरूरत थी, तब कांग्रेस ने उपेक्षा की और बातचीत के रास्ते बंद किए। जब जरूरत अपने लोगों के जख्म भरने और असम के लोगों की सेवा करने की थी, तब कांग्रेस असम के दरवाजे घुसपैठियों के आवभगत में लगी रही।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस असम में विदेशी घुसपैठियों को बढ़ावा देती रही, जिससे उनका वोट बैंक मजबूत और असम की जमीन पर कब्जा बढ़ा
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस असम के लोगों को अपना नहीं मानती है। कांग्रेस के लोगों को विदेशी घुसपैठिए ज्यादा पसंद हैं, क्योंकि वे यहां आकर कांग्रेस के कट्टर वोट बैंक बन जाते हैं। इसलिए कांग्रेस के राज में विदेशी घुसपैठिए आते रहे, असम की लाखों बीघा जमीन पर कब्जा करते रहे और कांग्रेस सरकार उनकी मदद करती रही।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस असम की संस्कृति और सम्मान को नजरअंदाज करती रही, भारत रत्न भूपेन हजारिका और सेमीकंडक्टर यूनिट लगाने का विरोध किया
उन्होंने कहा कि जब हम असम की कला, संस्कृति और पहचान का सम्मान करते हैं, तो कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिन्हें तकलीफ हो जाती है। असम का सम्मान कांग्रेस के लोगों को अच्छा नहीं लगता। कांग्रेस ने भूपेन हजारिका जी को भारत रत्न देने का विरोध किया था। कांग्रेस के कर्नाटक सरकार के मंत्री ने असम में सेमीकंडक्टर यूनिट का विरोध किया था।
पीएम मोदी ने कहा कि नॉर्थ ईस्ट में दूरी और उपेक्षा की पीड़ा रही, भाजपा ने भरोसा और विकास की भावना को बदलने का काम किया, जिससे क्षेत्र में समग्र प्रगति संभव हुई
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नॉर्थ ईस्ट की सबसे बड़ी पीड़ा हमेशा दूरी की रही है। दूरी दिलों की और दूरी स्थानों की रही। दशकों तक यहां के लोगों को ये महसूस होता रहा कि देश का विकास दूसरी जगह हो रहा है और वे पीछे छूट रहे हैं। इसका असर सिर्फ अर्थव्यवस्था पर नहीं पड़ा, बल्कि भरोसे पर भी पड़ा। इस भावना को बदलने का काम भाजपा ने किया।


