07/06/24 | 3:28 pm | NDA Allaince | PM Modi

Print

पीएम मोदी ने लोकसभा चुनाव परिणामों को एनडीए का महाविजय बताया

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज शुक्रवार को लोकसभा चुनाव परिणामों को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का महाविजय बताया। उन्होंने कहा कि अगर गठबंधन के इतिहास में संख्या के हिसाब से देखें तो यह सबसे मजबूत गठबंधन सरकार है। एनडीए सत्ता के लिए एक साथ आए दलों का समूह नहीं है, यह ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत के लिए प्रतिबद्ध एक संगठित गठबंधन है।

पीएम मोदी ने एनडीए का नेता चुने जाने पर जताया आभार

नरेन्द्र मोदी पुराने संसद भवन में आयोजित बैठक में एनडीए संसदीय दल का नेता चुने जाने के बाद संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जीवन में विश्वास पर जोर देते हुए कहा कि आपने मुझे 2019 में अपना नेता चुना और आज, 2024 में भी आपके चुने हुए नेता के रूप में यहां खड़े होकर मैं महसूस करता हूं कि हमारे बीच ‘विश्वास का पुल’ मज़बूत हो रहा है। मोदी ने एनडीए का नेता चुने जाने पर सभी साथियों का आभार जताया। उन्होंने नवनिर्वाचित सांसदों का अभिनंदन करने के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम को नमन किया।

हमारा गठबंधन सच्चे अर्थों में भारत की आत्मा है : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश चलाने के लिए सर्वमत बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान के इतने महान लोकतंत्र की ताकत देखिए कि एनडीए को आज देश के 22 राज्यों में लोगों ने सरकार बनाकर उनको सेवा करने का मौका दिया है। हमारा ये अलायंस सच्चे अर्थ में भारत की आत्मा है। हम ‘सर्व धर्म समभाव’ (सभी धर्म समान हैं) के सिद्धांत के प्रति प्रतिबद्ध हैं।

विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए मोदी ने कहा कि विपक्ष ने 2024 के लोकसभा परिणामों को हमारे लिए हार के रूप में पेश करने की कोशिश की लेकिन हम न कभी हारे थे, न हारे हैं और न कभी हारेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 10 साल बाद भी 100 का आंकड़ा नहीं छू सकी। पिछले 3 लोकसभा चुनावों में उनकी कुल सीटें अकेले इस चुनाव में हमारी सीटों की संख्या से भी कम हैं। उन्होंने कहा कि 4 जून के बाद हमारा आचरण दिखाता है कि हम जीत को पचाना जानते हैं। मोदी ने कहा कि पहले भी एनडीए की सरकार थी, अब भी है और आगे भी रहेगी। उन्होंने कहा कि अगले 10 वर्षों में एनडीए सरकार सुशासन, विकास और आम नागरिकों के जीवन में न्यूनतम हस्तक्षेप पर ध्यान केंद्रित करेगी।

ईवीएम पर सवाल खड़ा करने वालों पर कटाक्ष करते हुए मोदी ने कहा कि भारत के लोकतंत्र की ताकत यह है कि ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाने वालों को नतीजों ने चुप करा दिया है।

RELATED ARTICLES

26/12/24 | 3:01 pm | ECI

लोकसभा चुनाव 2024 में 64.64 करोड़ मतदाताओं ने वोट डालकर बनाया विश्व रिकार्ड, ईसीआई ने जारी की रिपोर्ट

इस साल सम्पन्न हुए लोकसभा चुनाव में 64.64 करोड़ मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग करके नया विश्व...

23/11/24 | 2:49 pm | maharashtra assembly election result

महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन की सरकार बनना तय, सभी 288 सीटों के रुझान आए

महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों के रुझान आ गए हैं। महायुति गठबंधन 200 से ज्यादा सीटों पर बढ़त ब...