प्रतिक्रिया | Thursday, September 19, 2024

19/08/24 | 4:10 pm | PM Modi | Raksha Bandhan

पीएम मोदी ने स्कूली बच्चियों के साथ मनाया रक्षाबंधन, केंद्रीय मंत्रियों ने भी बंधवाई राखी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सोमवार, 19 अगस्त को राष्ट्रीय राजधानी में स्कूली बच्चियों के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। इस अवसर पर स्कूली बच्चियों ने पीएम मोदी को राखी बांधीं। इससे पहले आज पीएम मोदी ने रक्षाबंधन के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं और सभी की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया कि “भाई-बहन के बीच असीम प्रेम के प्रतीक रक्षाबंधन के अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी रक्षाबंधन त्योहार की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि यह त्योहार सभी बहनों और बेटियों के प्रति स्नेह और सम्मान की भावना पैदा करता है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर एक पोस्ट में रक्षा बंधन के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति ने नागरिकों से समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने का संकल्प लेने का भी आग्रह किया। रक्षा बंधन भारतीय संस्कृति में गहराई से निहित एक त्योहार है और सदियों से मनाया जाता रहा है।

रक्षाबंधन के अवसर पर दिल्ली में पाकिस्तान से आईं महिला शरणार्थियों ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राखी बांधी। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने साध्वी ऋतंभरा और ब्रह्मकुमारी बहनों के साथ भी रक्षाबंधन मनाया। इस अवसर पर बोलते हुए गोयल ने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के तहत राष्ट्रीयता प्राप्त करने वाले प्रवासियों को नागरिकता अधिनियम सुरक्षा प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा, “नागरिकता (संशोधन) अधिनियम ने सम्मान और सुरक्षा प्रदान की है जो आपका अधिकार है।” उन्होंने कहा, “यह मेरे जीवन का सबसे अच्छा रक्षाबंधन उत्सव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण इन सभी बहनों को सीएए के तहत भारतीय नागरिकता मिल पाई है।

रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं के एक समूह ने राजस्थान के बीकानेर स्थित केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के आवास पर उन्हें राखी बांधी।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 8300136
आखरी अपडेट: 19th Sep 2024