बिरसा मुंडा के बलिदान दिवस पर पीएम मोदी ने किया नमन, बोले- उनकी गाथा हर पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति का संचार करेगी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी और आदिवासी समाज के महानायक भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए विदेशी शासन के खिलाफ उनके संघर्ष और मातृभूमि के लिए किए गए त्याग की गाथा देश की हर पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देती रहेगी।

पीएम मोदी ने किया भगवान बिरसा मुंडा को नमन

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान दिवस पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए विदेशी हुकूमत के विरुद्ध अदम्य साहस के साथ संघर्ष किया था। उन्होंने कहा कि उनका संपूर्ण जीवन जनजातीय समाज के स्वाभिमान, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि मातृभूमि के लिए सर्वस्व त्याग करने की उनकी प्रेरक गाथा देश की प्रत्येक पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति का संचार करती रहेगी।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी दी श्रद्धांजलि

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि ‘धरती आबा’ का जीवन साहस, आत्मसम्मान और न्याय के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक था। उन्होंने अपने संदेश में बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक ‘उलगुलान’ आंदोलन को याद करते हुए कहा कि इसके माध्यम से उन्होंने दमन के खिलाफ प्रतिरोध की भावना जगाई और आदिवासी समुदायों को अपने अधिकारों, पहचान और सम्मान की रक्षा के लिए प्रेरित किया।

उलिहातू से जुड़ी यादों का किया उल्लेख

उपराष्ट्रपति ने कहा कि यह उनके लिए व्यक्तिगत सम्मान का विषय है कि उन्हें झारखंड के राज्यपाल के रूप में पदभार ग्रहण करने के पहले दिन और बाद में भारत के उपराष्ट्रपति के रूप में भगवान बिरसा मुंडा के पवित्र जन्मस्थान उलिहातू जाकर श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान और उनके आदर्श सामाजिक न्याय, सशक्तिकरण तथा समावेशी विकास की दिशा में देश का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्थायी स्रोत बनी रहेगी।

भाजपा अध्यक्ष ने बताया स्वतंत्रता संग्राम का महत्वपूर्ण अध्याय

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान और स्वतंत्रता के अमर प्रतीक बिरसा मुंडा का अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष भारत के स्वतंत्रता आंदोलन का महत्वपूर्ण अध्याय है। नितिन नबीन ने कहा कि आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा और जनजागरण के लिए उनका अभियान समाज को अन्याय के खिलाफ खड़े होने और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देता है।

राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणा हैं बिरसा मुंडा

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अपनी संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों की रक्षा करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि उनके आदर्श आज भी देशवासियों को सामाजिक न्याय, स्वाभिमान और जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। (इनपुट: आईएएनएस)