प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को चेकर्स में गर्मजोशी से स्वागत के लिए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर का आभार व्यक्त किया। पीएम मोदी ने कहा कि उनकी चर्चा भारत-ब्रिटेन संबंधों को और गहरा करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “चेकर्स में गर्मजोशी से स्वागत के लिए प्रधानमंत्री कीर स्टारमर का आभार। हमारी चर्चा विभिन्न क्षेत्रों में भारत-ब्रिटेन संबंधों को गहरा करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”
प्रधानमंत्री मोदी वर्तमान में ब्रिटेन की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद से यह प्रधानमंत्री मोदी की यूनाइटेड किंगडम की यह चौथी यात्रा है। इससे पहले वे 2015 और 2018 में भी ब्रिटेन की यात्रा कर चुके हैं, और 2021 में ग्लासगो में आयोजित COP26 शिखर सम्मेलन में भी वहां गए थे। पिछले साल प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री स्टार्मर दो बार मिल चुके हैं, पहली बार पिछले साल रियो डी जेनेरियो में G20 शिखर सम्मेलन के दौरान, और हाल ही में, पिछले महीने जून में, कनाडा के कनानसकीस में G7 शिखर सम्मेलन के दौरान। इसके अलावा, वह कई बार फ़ोन पर भी संपर्क में रहे हैं।
वहीं, आज प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ द्विपक्षीय बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “इस एक वर्ष में हमें तीसरी बार मिलने का मौका मिल रहा है। अपने आप में मैं इसे बहुत महत्वपूर्ण मानता हूँ। ब्रिटेन और भारत स्वाभाविक साझेदार हैं। आज हमारे संबंधों में एक ऐतिहासिक दिन है। हमारे दोनों देश मुक्त व्यापार समझौते (FTA) और दोहरे योगदान समझौते (डबल कंट्रीब्यूशन कन्वेंशन) पर हस्ताक्षर कर रहे हैं। यह अपने आप में भारत और ब्रिटेन की भावी पीढ़ियों के लिए एक बहुत ही मज़बूत मार्ग प्रशस्त करेगा। यह व्यापार और वाणिज्य में एक नया अध्याय जोड़ रहा है।”
गौरतलब हो, प्रधानमंत्री मोदी और कीर स्टारमर की उपस्थिति में आज बहुप्रतीक्षित ऐतिहासिक भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर किए गए, जिससे दोनों देशों के बीच वस्तुओं और सेवाओं तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (सीईटीए) पर हस्ताक्षर को भारत-ब्रिटेन संबंधों में एक नया अध्याय बताते हुए इसकी सराहना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह समझौता भारत और ब्रिटेन के व्यापार संबंधों को बढ़ाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इससे पहले दिन में, एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, पीएम मोदी ने ऐतिहासिक भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हस्ताक्षर करने की सराहना की, और कहा कि यह समझौता दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
एक अन्य एक्स पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ बातचीत शानदार रही, खासकर व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते पर सफलतापूर्वक हस्ताक्षर के बाद। आर्थिक सहयोग के अलावा, यह समझौता साझा समृद्धि को बढ़ावा देने का आधार तैयार करता है।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री स्टार्मर के साथ एक संयुक्त प्रेस वक्तव्य के दौरान, पीएम मोदी ने दोनों देशों के लिए बढ़ी हुई बाजार पहुंच और आर्थिक अवसरों पर प्रकाश डाला तथा देश की अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान मिले गर्मजोशी भरे आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया। (इनपुट-एएनआई)


