पीएम मोदी कोलकाता में करेंगे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 का नेतृत्व

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (IDY 2026) के राष्ट्रीय समारोह का नेतृत्व करेंगे।

आयुष मंत्रालय ने सोमवार को इसकी औपचारिक घोषणा करते हुए देशव्यापी और वैश्विक काउंटडाउन की शुरुआत की।

केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आयुष और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ रखी गई है।

इस थीम के तहत योग को शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक कल्याण और जीवन की गुणवत्ता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला बताया गया है। आगे जोड़ते हुए उन्होंने कहा, “पूरी दुनिया में लोग पहले से कहीं अधिक लंबा जीवन जी रहे हैं, लेकिन असली चुनौती इन अतिरिक्त वर्षों को स्वस्थ, सक्रिय और सार्थक बनाना है। योग इसमें एक आजमाया हुआ और समग्र रास्ता प्रदान करता है।”

वैश्विक स्तर पर भव्य आयोजन

– विदेशों में 210 से अधिक भारतीय मिशनों के माध्यम से विश्व भर के लगभग 2,500 स्थानों पर योग दिवस मनाया जाएगा।
– 14 जून को आयोजित राष्ट्रव्यापी लाइव योग सत्र में चार लाख से अधिक लोगों ने एक साथ भाग लिया, जो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना।

विशेष कार्यक्रम

– संस्कृति मंत्रालय 100 प्रतिष्ठित स्थानों पर विशेष योग कार्यक्रम आयोजित करेगा।
– आयुष मंत्रालय 13 से 20 जून तक ‘गंगोत्री से गंगासागर: गंगा तट योग यात्रा’ का आयोजन कर रहा है।
– कोलकाता में मुख्य कार्यक्रम से पहले 19 जून को ‘दौड़ से ध्यान’ और 20 जून को ‘वंदे योगम’ जैसे कार्यक्रम होंगे।

प्रतापराव जाधव ने लोगों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में इन कार्यक्रमों में भाग लें और योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाएं। उन्होंने योग को मानवता के लिए भारत के सबसे बड़े योगदानों में से एक बताया।

गौरतलब हो, 21 जून 2026 को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कोलकाता में होने वाला यह आयोजन इस बार के मुख्य आकर्षण के रूप में देखा जा रहा है। (इनपुट-एजेंसी)