पीएम मोदी ने आज नवरात्रि के सातवें दिन देवी मां की पूजा-अर्चना की, सभी के कल्याण की कामना की

नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सोमवार को देवी कालरात्रि की पूजा-अर्चना की। उन्होंने सभी नागरिकों के कल्याण और उत्थान के लिए उनसे दिव्य आशीर्वाद की प्रार्थना की।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर भारतीय संगीतकार और गायक द्विजेन मुखर्जी का ‘जागो दुर्गा दशप्रहरणधारिणी’ भक्ति गीत साझा किया है। एक संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा, “देवी मां के चरणों में नमन और वंदन! उनसे कामना है कि सभी के दुखों को दूर कर उनके जीवन में नए तेज का संचार करें। देवी माता के आशीर्वाद से सबका कल्याण हो।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सोशल मीडिया पर अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “देवी दुर्गा का सातवां स्वरूप, मां कालरात्रि, दुष्टों का नाश करती हैं और अपने भक्तों को सुरक्षा प्रदान करती हैं। सजीव और निर्जीव जगत का कल्याण हो, सभी का जीवन सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य से परिपूर्ण हो।”

वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर पोस्ट किया, “नवरात्रि के सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा का विशेष महत्व है। मां दुर्गा का यह रूप हमें सिखाता है कि विश्वास और साहस के साथ हर अंधकार पर विजय प्राप्त की जा सकती है।”

उन्होंने कहा, “हम मां कालरात्रि से प्रार्थना करते हैं कि उनके आशीर्वाद से सभी नकारात्मक शक्तियों का नाश हो और समाज में शांति, सद्भाव और नई ऊर्जा का संचार हो। सभी भक्तों को मां की असीम शक्ति और निर्भयता का वरदान प्राप्त हो।”

‘कालरात्रि’ नाम ‘काल’, जिसका अर्थ है समय या मृत्यु, और ‘रात्रि’, जिसका अर्थ है रात या अंधकार या अज्ञान, का मिश्रण है। इस प्रकार, कालरात्रि उस शक्ति का प्रतीक है जो अंधकार का अंत करती है, तथा प्रकाश और ज्ञान के उदय का प्रतीक है। देवी मां कालरात्रि को सबसे भयानक स्वरूप माना जाता है और उनका श्याम वर्ण उनके तीव्र और अडिग स्वभाव का प्रतीक है। मां कालरात्रि को चार भुजाओं से युक्त दर्शाया गया है और वे भय और सुरक्षा दोनों का प्रतीक हैं।

उनके ऊपरी दाहिने हाथ से भक्तों को वरदान प्राप्त होते हैं और निचले दाहिने हाथ से सुरक्षा और निर्भयता प्राप्त होती है। उनके ऊपरी बाएं हाथ में तलवार और निचले बाएं हाथ में लोहे का गदा है, जिससे वे बुरी शक्तियों का नाश करती हैं। पूरे देश में नवरात्रि बड़ी श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है। हजारों की संख्या में भक्त विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए उमड़ रहे हैं।