संस्कृति मंत्रालय मध्य प्रदेश सरकार के सहयोग से लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती मना रहा है। यह कार्यक्रम कल शनिवार को भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

यह जानकारी संस्‍कृति मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर दी। इस दौरान ‘स्मारक सिक्का और डाक टिकट’ जारी किए जाएंगे।

लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर को उनकी जन-केंद्रित नीतियों, आर्थिक और सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों के प्रति गहरी प्रतिबद्धता, विशेष रूप से महिलाओं के जीवन को प्रभावित करने वाले मुद्दों के लिए याद किया जाता है। उन्होंने महिलाओं की शिक्षा और स्थानीय समुदाय के सामाजिक और धार्मिक जीवन में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित किया। उन्होंने महिला बुनकरों को माहेश्वरी साड़ियां बनाने के लिए समर्थन और प्रोत्साहन दिया।

उनका योगदान बुनियादी ढांचे के विकास (जल निकाय, सड़कें, धर्मशालाएं) से लेकर देश भर में मंदिरों के पुनर्निर्माण और पुनरुद्धार तक व्यापक था। उनके द्वारा बनाई गई इमारतों ने न केवल भारत के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परिदृश्य पर एक अमिट छाप छोड़ी है, बल्कि समय की कसौटी पर भी खरी उतरी हैं।