पीएम मोदी 16 से 18 नवंबर तक फिलीपींस के मनीला के दौरे पर, 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे

फिलीपींस के राष्ट्रपति फ़र्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर (Ferdinand R. Marcos Jr.) के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 से 18 नवंबर 2026 तक मनीला का दौरा करेंगे।

भारत के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है। मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी 17 नवंबर 2026 को 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (EAS) में भाग लेंगे। इस वर्ष आसियान की अध्यक्षता कर रहे फिलीपींस द्वारा इन सम्मेलनों की मेजबानी की जाएगी।

भारत-आसियान संबंध, भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए हमारे विज़न का एक मुख्य आधार हैं। पीएम मोदी का दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब भारत और आसियान वर्ष 2026 को ‘आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष’ के रूप में मना रहे हैं। इसके अलावा, 2027 में हमारे संवाद संबंधों के 35 वर्ष और ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ के पांच वर्ष पूरे होने का जश्न मनाया जाएगा।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ (Comprehensive Strategic Partnership) के कार्यान्वयन में हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी—जिसमें ‘आसियान-भारत कार्य योजना 2026–2030’ भी शामिल है। साथ ही सहयोग की भावी दिशा तय की जाएगी। ईस्ट एशिया समिट, आसियान और अन्य भागीदार देशों के साथ क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर विचार-विमर्श करने का अवसर प्रदान करेगा।