पीएम मोदी की 3 देशों की यात्रा से पश्चिम एशिया और अफ्रीका में बढ़ेगा भारत का निर्यात : फियो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 15 से 18 दिसंबर तक जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान का प्रस्तावित तीन-देशों का दौरा भारत के अंतरराष्ट्रीय व्यापार को बढ़ाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशंस (फियो) ने शुक्रवार को कहा कि यह यात्रा पश्चिम एशिया और अफ्रीका में भारत की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए बड़े अवसर प्रदान करेगी।

भारतीय निर्यातकों को नए बाजारों तक पहुंच और दीर्घकालिक व्यापारिक सहयोग बढ़ाने में मिलेगी मदद

फियो के अध्यक्ष एस. सी. रल्हन ने कहा, “प्रधानमंत्री का तीन देशों का यह दौरा भारत के पश्चिम एशिया और अफ्रीका के प्रमुख साझेदारों के साथ आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को सुदृढ़ करने का संकेत है। इन देशों के साथ साझेदारी को और गहरा करने से भारतीय निर्यातकों को नए बाजारों तक पहुंच और दीर्घकालिक व्यापारिक सहयोग बढ़ाने में मदद मिलेगी।”

जॉर्डन पश्चिम एशिया और मध्य पूर्व क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण गेटवे

उन्होंने बताया कि जॉर्डन पश्चिम एशिया और मध्य पूर्व क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण गेटवे है। भारत का जॉर्डन के साथ कुल द्विपक्षीय व्यापार अप्रैल से अगस्त 2025-26 के दौरान 1.2 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया, जिसमें केवल पांच महीनों में करीब 461 मिलियन डॉलर का निर्यात शामिल है। जॉर्डन के साथ आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने से फार्मास्यूटिकल्स, इंजीनियरिंग सामान, वस्त्र, आईटी सेवाएं और कृषि उत्पादों जैसे क्षेत्रों में व्यापार के अवसर बढ़ेंगे। अनुमान है कि 2030 तक भारत का निर्यात 5 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।

मोदी 16-17 दिसंबर को इथियोपिया जाएंगे

प्रधानमंत्री मोदी 16-17 दिसंबर को इथियोपिया जाएंगे, जो अफ्रीका की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और भारत का महत्वपूर्ण साझेदार भी। फियो प्रमुख के अनुसार, इथियोपिया अफ्रीकी क्षेत्र का एक अहम सदस्य है, ऐसे में यह दौरा व्यापार, निवेश और विकास साझेदारियों को और गहरा करेगा। भारतीय निर्यातक-विशेषकर ऑटोमोबाइल, मशीनरी, फार्मास्यूटिकल्स और शिक्षा सेवाओं के क्षेत्र में इथियोपिया के बढ़ते बाजार में बड़ी संभावनाएं देखते हैं। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 550 मिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है।

ओमान भारत के सबसे विश्वसनीय आर्थिक साझेदारों में से एक

रल्हन ने आगे कहा कि ओमान भारत के सबसे विश्वसनीय आर्थिक साझेदारों में से एक है। प्रधानमंत्री मोदी का ओमान दौरा व्यापार, निवेश, ऊर्जा, रसद, प्रौद्योगिकी, खाद्य सुरक्षा और एमएसएमई सहयोग जैसे क्षेत्रों में नए अवसर तलाशने का बेहतरीन मौका है। (इनपुट: आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

47 mins ago | Barcelona Port Visit

‘लोकायन-26’ के तहत आईएनएस सुदर्शिनी की बार्सिलोना यात्रा संपन्न, भारत-स्पेन समुद्री संबंध हुए मजबूत

भारतीय नौसेना के नौवहन प्रशिक्षण पोत आईएनएस सुदर्शिनी ने ‘लोकायन-26’ अभियान के तहत 6 सितंबर 2026 को ...

4 hours ago | Artificial intelligence

अंतरिक्ष से एआई और क्वांटम तकनीक तक, भारत-लक्जमबर्ग ने सहयोग बढ़ाने पर की चर्चा

लक्जमबर्ग के अर्थव्यवस्था, एसएमई, ऊर्जा एवं पर्यटन मंत्री लेक्स डेल्स ने सोमवार को केंद्रीय मं...