भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) के कार्यक्रम में शामिल होने का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का खेलों को बढ़ावा देने का प्रयास बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इससे भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल संबंधों को नई मजबूती मिलेगी।
खेल को बढ़ावा देना बड़ी पहल : गांगुली
बातचीत में गांगुली ने कहा, “प्रधानमंत्री का खेल को प्रमोट करना बहुत बड़ी बात है। खेल के लिए समय निकालने के लिए हम उनका दिल से शुक्रिया अदा करते हैं। यह देखकर खुशी होती है कि देश के सबसे बड़े निर्वाचित नेता खेलों को समर्थन देने और भारत-ऑस्ट्रेलिया के खेल संबंधों को मजबूत करने के लिए समय निकाल रहे हैं।”
एमसीजी में खेल कूटनीति का होगा जश्न
प्रधानमंत्री मोदी अपने तीन दिवसीय ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ भारत-ऑस्ट्रेलिया वार्षिक बैठक में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वह मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भी शामिल होंगे, जहां खेल कूटनीति और दोनों देशों के खेल सहयोग का जश्न मनाया जाएगा।
क्रिकेट से आगे खेल सहयोग बढ़ाने पर जोर
ऑस्ट्रेलिया में भारत के उच्चायुक्त नागेश सिंह ने कहा कि क्रिकेट दोनों देशों के संबंधों का मजबूत आधार है, लेकिन दोनों सरकारें पूरे स्पोर्टिंग इकोसिस्टम में सहयोग बढ़ाना चाहती हैं। उनके अनुसार, ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स मेडिसिन, स्पोर्ट्स साइंस, स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी, स्पोर्ट्स मैनेजमेंट और खेल अवसंरचना के क्षेत्र में काफी आगे है, जिससे भारत भी सीख सकता है।
पारंपरिक और नए खेलों में भी साझेदारी
नागेश सिंह ने कहा कि दोनों देश सिर्फ टीमों के आदान-प्रदान तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि खेल विज्ञान, प्रबंधन और बुनियादी ढांचे में भी अनुभव साझा करेंगे। उन्होंने बताया कि भारत की ओर से कबड्डी और ऑस्ट्रेलिया की ओर से ऑस्ट्रेलियन रूल्स फुटबॉल (फूटी) जैसे खेलों को भी इस सहयोग का हिस्सा बनाया जा रहा है।
भारत में हो सकता है बिग बैश लीग का पहला मैच
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान भारत में 2026-27 बिग बैश लीग (बीबीएल) सीजन के शुरुआती मैच के आयोजन की पुष्टि कर सकते हैं। यदि अंतिम मंजूरी मिलती है, तो 12 दिसंबर को चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में गत चैंपियन पर्थ स्कॉर्चर्स और मेलबर्न रेनेगेड्स के बीच मुकाबला खेला जा सकता है। यह पहली बार होगा जब किसी ऑस्ट्रेलियाई घरेलू क्रिकेट लीग का मैच भारतीय धरती पर आयोजित होगा। बताया जा रहा है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया, बीसीसीआई और तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन के बीच इस संबंध में बातचीत चल रही है। (इनपुट: आईएएनएस)


