महाअष्टमी पर पीएम मोदी का संदेश: मां महागौरी से सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना

जगत जननी आदिशक्ति मां दुर्गा के अष्टम स्वरूप मां महागौरी की देशभर में पूजा- अर्चना की जा रही है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मां महागौरी को नमन किया है और प्रार्थना की कि उनकी दिव्य आभा हर किसी के जीवन में सुख-समृद्धि और आरोग्य लेकर आए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “मां महागौरी के चरणों में कोटि-कोटि प्रणाम। उनकी दिव्य आभा हर किसी के जीवन में सुख-समृद्धि और आरोग्य लेकर आए।”

पीएम मोदी ने एक संस्कृत सुभाषितम् भी शेयर किया, जिसमें लिखा, “श्वेते वृषे समारूढा श्वेताम्बरधरा शुचिः। महागौरी शुभं दद्यान्महादेवप्रमोददा॥” उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर लिखा, “जगत जननी आदिशक्ति मां दुर्गा के अष्टम स्वरूप मां महागौरी की आराधना से साधक का जीवन पवित्रता, आत्मसंयम और शक्ति से आलोकित होता है। मां की कृपा से श्रद्धालुओं की अभिलाषाएं पूर्ण हों, जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नव ऊर्जा का संचार हो, यही प्रार्थना है।”

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पोस्ट में लिखा, “महाअष्टमी के पावन पर्व पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। शक्ति की उपासना के इस विशेष अवसर पर ममतामयी मां महागौरी के चरणों में कोटि-कोटि नमन। कठोर तप से दिव्य गौर वर्ण प्राप्त करने वाली मां का यह स्वरूप हमारे अंतर्मन के अंधकार को दूर कर जीवन में सात्त्विकता और सरलता का संचार करता है। मां की असीम आभा हमें द्वेष से मुक्त होकर निष्काम भाव से मानवता की सेवा करने की प्रेरणा देती है। मां महागौरी की दिव्य कृपा से दिल्ली के हर परिवार में सुख, अटूट समृद्धि और मंगलकारी ऊर्जा का वास हो।”

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभी को दुर्गा अष्टमी पर शुभकामनाएं देते हुए पोस्ट में लिखा, “मां महागौरी का आशीर्वाद आप सभी पर बना रहे। देवी मां हमें शक्ति और समृद्धि प्रदान करें।” उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “धन-वैभव, सुख-शांति और समृद्धि की अधिष्ठात्री देवी मां महागौरी की आराधना को समर्पित महाअष्टमी पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मां महागौरी से आप सभी के सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।”बता दें कि नवरात्रि के नौ दिन मां जगदम्बा के नौ रूपों की पूजा होती है और देश के हर देवी मंदिर में रौनक देखने को मिलती है। नवरात्रि के आठवें दिन मां महागौरी का पूजन होता है, जिन्हें शांति, पवित्रता और ज्ञान का प्रतीक माना जाता है। मां को सफेद रंग अति प्रिय होता है।(इनपुट-आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

22 mins ago | FY26 GST collection India ₹22.27 lakh crore

GST कलेक्शन में उछाल: मार्च में 8.8% की वृद्धि, 2 लाख करोड़ रुपये के पार

सकल जीएसटी संग्रह मार्च 2026 में सालाना आधार पर 8.8 प्रतिशत बढ़कर 2 लाख करोड़ रुपए हो गया है। इसकी वजह...

39 mins ago | Assam tea industry global recognition India

चाय बागान में पीएम मोदी, महिलाओं संग तोड़ी पत्तियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को डिब्रूगढ़ के एक चाय बागान का दौरा किया। इस दौरान उन्हों...