पीएम मोदी की यूएई यात्रा से भारत-यूएई संबंधों को नई मजबूती, 5 अरब डॉलर निवेश समेत कई अहम समझौते

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संयुक्त अरब अमीरात यात्रा के दौरान शुक्रवार को भारत और यूएई के बीच कई महत्वपूर्ण समझौते हुए। इनमें द्विपक्षीय रणनीतिक रक्षा साझेदारी, एलपीजी आपूर्ति, रणनीतिक पेट्रोलियम रिजर्व तथा भारत के आरबीएल बैंक, सम्मान कैपिटल और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में 5 अरब डॉलर के निवेश से जुड़े समझौते शामिल हैं।

वाडिनार में शिप रिपेयरिंग क्लस्टर पर समझौता

दोनों देशों के बीच गुजरात के वाडिनार में शिप रिपेयरिंग क्लस्टर स्थापित करने को लेकर भी समझौता हुआ। इस पहल को समुद्री व्यापार और लॉजिस्टिक्स सहयोग को बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

भारत हर परिस्थिति में यूएई के साथ : पीएम मोदी

अबू धाबी में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत हर परिस्थिति में संयुक्त अरब अमीरात के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और आगे भी खड़ा रहेगा। शांति और स्थिरता की बहाली के लिए भारत हर संभव सहयोग देगा।” उन्होंने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट का “स्वतंत्र और खुला” रहना बेहद महत्वपूर्ण है और अंतरराष्ट्रीय कानूनों का सम्मान किया जाना चाहिए।

रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने पर जोर

प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान को भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में दोनों देशों के सहयोग का महत्व और बढ़ गया है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि जनवरी में यूएई राष्ट्रपति की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों ने संबंधों को गुणात्मक रूप से उन्नत करने पर सहमति जताई थी और कम समय में ही कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

उन्होंने कहा, “हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए मैं आपको हार्दिक धन्यवाद देता हूं। इतने कम समय में भी हमने सभी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति की है। आने वाले समय में हम हर क्षेत्र में साथ मिलकर आगे बढ़ेंगे।”

पश्चिम एशिया के हालात पर जताई चिंता

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर वैश्विक स्तर पर महसूस किया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि संवाद और कूटनीति ही समस्याओं के समाधान का सर्वोत्तम माध्यम हैं।

नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह यूएई पहुंचे, जहां उनका औपचारिक स्वागत किया गया। बाद में उन्होंने राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, जिन्हें लोकप्रिय रूप से एमबीजेड कहा जाता है, के साथ द्विपक्षीय वार्ता की।

पांच देशों की यात्रा पर हैं प्रधानमंत्री मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी 15 से 20 मई तक संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की पांच देशों की यात्रा पर हैं। इस यात्रा का उद्देश्य ऊर्जा, रक्षा, टेक्नोलॉजी, ग्रीन ट्रांजिशन और व्यापार जैसे प्रमुख क्षेत्रों में भारत की रणनीतिक और आर्थिक साझेदारियों को मजबूत करना है। (इनपुट: आईएएनएस)