पीएम मोदी की इथियोपिया यात्रा से द्विपक्षीय रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती : राजदूत अनिल राय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने विदेश दौरे के अंतिम चरण में ओमान के लिए रवाना हुए। ओमान से पहले प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय यात्रा पर इथियोपिया में थे, जहां उन्हें देश के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया। प्रधानमंत्री के इथियोपिया दौरे को लेकर वहां भारत के राजदूत अनिल कुमार राय ने आईएएनएस से बातचीत की।

शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में भारत और इथियोपिया के बीच मजबूत सहयोग

इथियोपिया में भारत के राजदूत अनिल कुमार राय ने कहा, “शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में भारत और इथियोपिया के बीच मजबूत सहयोग स्थापित है। वर्तमान में 2,000 से अधिक इथियोपियाई छात्र भारत में अंडरग्रेजुएट और पीएचडी की पढ़ाई कर रहे हैं। इसके अलावा, हर साल शॉर्ट-टर्म कोर्स के माध्यम से कैपेसिटी बिल्डिंग के लिए 400 से ज्यादा छात्रवृत्तियां दी जाती हैं।”

रणनीतिक साझेदारी को बढ़ाने का फैसला

उन्होंने कहा, “दोनों देशों के बीच संबंध और मजबूत होंगे, क्योंकि हमने इन्हें रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने का फैसला किया है। इसका अर्थ है कि हम और अधिक नजदीकी से काम करेंगे, आपसी भरोसा बढ़ाएंगे और ठोस परिणाम देंगे। इस साझेदारी में राजनीतिक परामर्श, अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा, आर्थिक सहयोग और सह-उत्पादन जैसे क्षेत्र शामिल होंगे।”

ऊर्जा, पेट्रोलियम, पर्यटन और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में यह एक बड़ा अवसर

दूसरी ओर, प्रधानमंत्री मोदी के ओमान आगमन को लेकर ऊनो मिंडा लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन निर्मल के. मिंडा ने कहा, “मैं इसे बहुत सकारात्मक दृष्टिकोण से देख रहा हूं। ओमानी कंपनियों का भारत में निवेश बढ़ना चाहिए और भारत से ओमान में भी निवेश में इजाफा होना चाहिए। ऊर्जा, पेट्रोलियम, पर्यटन और कुछ हद तक मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में यह एक बड़ा अवसर है।”

मुक्त व्यापार समझौते के साथ ड्यूटी स्ट्रक्चर शून्य

भारत और ओमान के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही है। इस पर निर्मल के. मिंडा ने कहा, “मुक्त व्यापार समझौते के साथ ड्यूटी स्ट्रक्चर शून्य हो जाएगा और बिजनेस करना आसान होगा। मुझे लगता है कि इस समझौते से कई फायदे होंगे और दोनों देशों के बीच व्यापार में हर साल 20 से 25% की बढ़ोतरी होनी चाहिए।”

प्रधानमंत्री तथा वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के दौरे से ये संबंध और होंगे मजबूत 

अपोलो हॉस्पिटल्स एंटरप्राइज लिमिटेड की संयुक्त प्रबंध निदेशक संगीता रेड्डी ने कहा, “मुझे लगता है कि दोनों देशों के बीच जबरदस्त तालमेल है। कई वर्षों से अच्छे रिश्ते रहे हैं और हमारे वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल तथा प्रधानमंत्री के दौरे से ये संबंध और मजबूत होंगे।”

भारत उत्पादों को उपलब्ध कराने में सक्षम

मुक्त व्यापार समझौते को लेकर उन्होंने कहा, “ओमान उभरती हुई अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहां के लोगों के पास अच्छी खरीद क्षमता है और उपभोक्ता ज्यादा से ज्यादा उत्पादों की मांग कर रहे हैं। भारत इन उत्पादों को उपलब्ध कराने में सक्षम है। प्रस्तावित एफटीए के जरिए दोनों देशों के बीच सहयोग और विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।”

यह दौरा अर्थव्यवस्था और संस्कृति तक फैले लंबे रिश्ते में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर

अलिज फूड्स एलएलसी के चेयरमैन इंजीनियर सालेह मोहम्मद अलशानफारी ने कहा, “यह दौरा अर्थव्यवस्था और संस्कृति तक फैले लंबे रिश्ते में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। ओमान और भारत एक-दूसरे को देने के लिए बहुत कुछ रखते हैं। यदि हम आपसी समझ और स्पष्ट एजेंडे के साथ आमने-सामने बातचीत करें, तो साथ मिलकर करने के लिए कई अवसर मौजूद हैं।” (इनपुट- आईएएनएस)