03/08/26 | 2:07 pm

Print

पीएम विद्यालक्ष्मी योजना से समावेशी शिक्षा को मिल रही नई दिशा

शिक्षा किसी भी व्यक्ति और समाज के विकास का सबसे मजबूत आधार है। शिक्षा से व्यक्ति को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है, समाज मजबूत होता है और देश की प्रगति को गति मिलती है। लेकिन भारत में आज भी कई प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा हासिल करने में सबसे बड़ी रुकावट उनकी योग्यता नहीं, बल्कि आर्थिक स्थिति है। कई बार अच्छे अंक हासिल करने के बावजूद विद्यार्थी महंगी फीस और शिक्षा के खर्च के कारण अपनी पसंद के संस्थान में पढ़ाई नहीं कर पाते। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की योजनाएं आर्थिक बाधाओं को कम करके प्रतिभा को अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना इसी सोच का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। नवंबर 2024 में शुरू की गई यह योजना विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आसानी से शिक्षा ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाई गई है। इसके तहत निर्धारित गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षण संस्थानों में मेरिट के आधार पर प्रवेश पाने वाले विद्यार्थियों को बिना किसी जमानत और गारंटर के शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया जाता है।

इस योजना का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष यह है कि विद्यार्थी की आर्थिक स्थिति उसकी शिक्षा के रास्ते में बाधा नहीं बने, इसको सबसे ऊपर रखा जाता है। अगर किसी विद्यार्थी ने अपनी योग्यता के आधार पर देश के किसी अच्छे संस्थान में प्रवेश हासिल करता है, तो केवल पैसे की कमी के कारण उसका सपना अधूरा नहीं रहना चाहिए। पीएम विद्यालक्ष्मी इसी सोच को लेकर सामने आई है।

वर्तमान में 1,425 गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षण संस्थान इस योजना के दायरे में हैं। इनमें सरकारी और निजी दोनों तरह के संस्थान शामिल हैं। इसके तहत विद्यार्थियों को कोलैटरल और तीसरे पक्ष की गारंटी के बिना शिक्षा ऋण लेने की सुविधा मिलती है। सरकार बैंकों को शिक्षा ऋण देने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए 7.5 लाख रुपए तक के ऋण पर 75 प्रतिशत क्रेडिट गारंटी भी देती है।

इसके अलावा, जिन विद्यार्थियों के परिवार की वार्षिक आय 8 लाख रुपये तक है, उन्हें योजना की शर्तों के अनुसार 10 लाख रुपये तक के शिक्षा ऋण पर 3 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी मिलती है। इससे उच्च शिक्षा का खर्च वहन करना कई परिवारों के लिए आसान हो जाता है।

पीएम विद्यालक्ष्मी को केवल शिक्षा ऋण की योजना के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। इसका उद्देश्य ऐसे आर्थिक अंतर को कम करना है, जो कई बार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से दूर कर देता है। शिक्षा का अवसर केवल उन विद्यार्थियों तक सीमित नहीं होना चाहिए, जिनके परिवार आर्थिक रूप से मजबूत हैं। प्रतिभा और मेहनत करने वाले हर विद्यार्थी को आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।

भारत में उच्च शिक्षा का दायरा लगातार बढ़ रहा है। उच्च शिक्षा में सकल नामांकन अनुपात 2014-15 के 23.7 प्रतिशत से बढ़कर 2023-24 में 30 प्रतिशत हो गया है। यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। लेकिन केवल विद्यार्थियों की संख्या बढ़ना पर्याप्त नहीं है। यह भी जरूरी है कि अलग-अलग आर्थिक और सामाजिक पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थी अच्छी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक पहुंच बना सकें। इसी उद्देश्य से पीएम विद्यालक्ष्मी को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के व्यापक लक्ष्यों से जोड़कर देखा जा सकता है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति में शिक्षा के चार महत्वपूर्ण पहलुओं- पहुंच, समानता, गुणवत्ता और सामर्थ्य, पर जोर दिया गया है। इसका लक्ष्य ऐसी शिक्षा व्यवस्था बनाना है, जिसमें हर योग्य विद्यार्थी को अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर मिले।

सरकार का प्रयास केवल उच्च शिक्षा तक सीमित नहीं है। स्कूली शिक्षा में पीएम श्री योजना के माध्यम से आधुनिक सुविधाओं और बेहतर शिक्षण व्यवस्था वाले आदर्श विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं। वहीं, निपुण भारत मिशन के माध्यम से बच्चों में शुरुआती स्तर पर पढ़ने, लिखने और गणित की बुनियादी समझ को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। इसका अर्थ है कि शैक्षिक समावेशन की शुरुआत बच्चे के शुरुआती वर्षों से ही करने का प्रयास किया जा रहा है। अगर बच्चे की नींव मजबूत होगी, तो आगे की शिक्षा में उसके सफल होने की संभावना भी बढ़ेगी।

उच्च शिक्षा के क्षेत्र में केंद्रीय क्षेत्र ब्याज सब्सिडी योजना भी विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देती है। इसके तहत पात्र विद्यार्थियों को निर्धारित तकनीकी और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए शिक्षा ऋण पर अधिस्थगन अवधि के दौरान पूर्ण ब्याज सब्सिडी का लाभ मिलता है। पीएम विद्यालक्ष्मी ने इस व्यवस्था को और व्यापक बनाया है और निर्धारित गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षण संस्थानों में सभी डिग्री और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों को इसके दायरे में शामिल किया है।

योजना का एक और महत्वपूर्ण पक्ष इसका डिजिटल स्वरूप है। विद्यार्थी एकीकृत डिजिटल पोर्टल के माध्यम से शिक्षा ऋण के लिए आवेदन कर सकते हैं, आवेदन की स्थिति देख सकते हैं, ब्याज सब्सिडी से जुड़ी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं और अपनी शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं। इससे विद्यार्थियों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होती है और पूरी प्रक्रिया अधिक आसान और पारदर्शी बनती है।

सरकार ने 2024-25 से 2030-31 तक की अवधि के लिए पीएम विद्यालक्ष्मी योजना के लिए 3,600 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इस अवधि में करीब 7 लाख नए विद्यार्थियों को ब्याज सब्सिडी का लाभ मिलने की उम्मीद है। यह निवेश बताता है कि सरकार शिक्षा को केवल सामाजिक क्षेत्र का विषय नहीं, बल्कि देश के भविष्य में निवेश के रूप में देख रही है।

शिक्षा पर किया गया निवेश देश की मानव पूंजी को मजबूत करता है। आज के विद्यार्थी ही आने वाले समय में वैज्ञानिक, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, उद्यमी, शोधकर्ता और देश के विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ बनेंगे। इसलिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक उनकी पहुंच भारत के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए भी महत्वपूर्ण है।

शैक्षिक समावेशन का एक महत्वपूर्ण सामाजिक और लैंगिक पहलू भी है। आर्थिक सहायता मिलने से उन विद्यार्थियों को भी उच्च शिक्षा जारी रखने का अवसर मिल सकता है, जिन्हें पैसे की कमी के कारण पढ़ाई छोड़ने या कम खर्च वाले विकल्प चुनने के लिए मजबूर होना पड़ता है। खासकर ऐसे परिवारों के लिए, जहां पहली बार कोई सदस्य उच्च शिक्षा की ओर बढ़ रहा है, इस तरह की सहायता बहुत महत्वपूर्ण हो सकती है।

भारत आज कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष, जैव प्रौद्योगिकी, उन्नत विनिर्माण और स्वास्थ्य जैसे नए क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इन क्षेत्रों में सफलता के लिए देश को बड़ी संख्या में शिक्षित, कुशल और प्रतिभाशाली युवाओं की जरूरत होगी। इसलिए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक पहुंच देना केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि देश की आर्थिक प्रगति के लिए भी जरूरी है।

हालांकि, किसी भी योजना की सफलता उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर निर्भर करती है। पीएम विद्यालक्ष्मी के बारे में विद्यार्थियों और अभिभावकों में पर्याप्त जागरूकता पैदा करना बहुत जरूरी है। छोटे शहरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों तक योजना की जानकारी पहुंचनी चाहिए। बैंकों और शिक्षण संस्थानों को पात्र विद्यार्थियों के आवेदन समय पर निपटाने चाहिए। विद्यार्थियों को योजना की पात्रता, ऋण, ब्याज सब्सिडी और भुगतान से जुड़ी सभी जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

भारत की शिक्षा व्यवस्था अब केवल अधिक विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज तक पहुंचाने पर ध्यान नहीं दे रही है। अब लक्ष्य यह है कि हर योग्य विद्यार्थी को अच्छी शिक्षा मिले और आर्थिक स्थिति उसके रास्ते में बाधा न बने। पीएम विद्यालक्ष्मी योजना इसी बदलाव का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

एक सच्ची समावेशी शिक्षा व्यवस्था वही होगी, जिसमें छोटे शहर या सामान्य परिवार का प्रतिभाशाली विद्यार्थी भी आईआईटी, आईआईएम या देश के किसी अन्य प्रतिष्ठित संस्थान में पढ़ने का सपना देख सके और उसे पूरा करने का रास्ता भी उसके सामने हो। पीएम विद्यालक्ष्मी योजना इसी सपने को अवसर में बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

भारत की शिक्षा की सफलता केवल इस बात से नहीं मापी जाएगी कि देश में कितने स्कूल और कॉलेज हैं या कितने विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। असली सफलता तब होगी, जब खराब आर्थिक स्थिति के कारण किसी प्रतिभाशाली विद्यार्थी का सपना अधूरा न रह जाए। जब अधिक से अधिक युवा अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ सकें, तभी शिक्षा वास्तव में सामाजिक और आर्थिक बदलाव का माध्यम बनेगी। यही समावेशी शिक्षा की भावना है और यही एक सक्षम, आत्मनिर्भर और विकसित भारत की मजबूत नींव भी है।