प्रतिक्रिया | Friday, October 18, 2024

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु समेत देश भर के राजनीतिक नेताओं और उद्योगपतियों ने देश के प्रमुख उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर दुख जताते हुए श्रद्धांजलि दी। रतन टाटा का बुधवार देर रात निधन हो गया। वे 86 साल के थे। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पोस्ट पर स्मृति शेष के रूप में उनसे कई अवसरों पर हुई मुलाकातों का जिक्र किया है। महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने रतन टाटा के सम्मान में एक दिन का शोक घोषित किया है। सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और आज सरकार का कोई सांस्कृतिक या मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। रतन टाटा का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

रतन टाटा के निधन पर प्रधानमंत्री मोदी ने नोएल टाटा से बात की और संवेदना व्यक्त की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भारत सरकार की ओर से रतन टाटा के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर स्मृति शेष के रूप में उनसे कई अवसरों पर हुई मुलाकातों का जिक्र किया। पीएम मोदी ने लिखा, ” मेरा मन श्री रतन टाटा जी के साथ अनगिनत संवादों से भरा हुआ है। जब मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था तो मैं उनसे अकसर मिलता था। हम विभिन्न मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करते थे। मुझे उनका दृष्टिकोण बहुत समृद्ध लगा। जब मैं दिल्ली आया तो बातचीत का यह सिलसिला जारी रहा। उनके निधन की सूचना से बेहद दुख हुआ। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के साथ हैं। ॐ शांति।”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एक्स पर कहा कि रतन टाटा के दुखद निधन से, भारत ने एक ऐसे प्रतीक को खो दिया है जिसने राष्ट्र निर्माण के साथ कॉर्पोरेट विकास और नैतिकता के साथ उत्कृष्टता का मिश्रण किया। पद्म विभूषण और पद्म भूषण से सम्मानित, उन्होंने महान टाटा विरासत को आगे बढ़ाया और इसे और अधिक प्रभावशाली वैश्विक उपस्थिति प्रदान की। उन्होंने कहा कि मैं उनके परिवार, टाटा समूह की पूरी टीम और दुनिया भर में उनके प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती हूं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर कहा कि प्रसिद्ध उद्योगपति और सच्चे राष्ट्रवादी श्री रतन टाटा जी के निधन से गहरा दुख हुआ। उन्होंने निस्वार्थ भाव से अपना जीवन हमारे राष्ट्र के विकास के लिए समर्पित कर दिया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “रतन टाटा के निधन से दुःख हुआ। वह भारतीय उद्योग जगत के महान नायक थे जिन्हें हमारी अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए जाना जाता है। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। उसकी आत्मा को शांति मिलें।”

टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने उनके निधन के बाद कहा कि हम अत्यंत क्षति की भावना के साथ रतन नवल टाटा को विदाई दे रहे हैं। वह वास्तव में एक असाधारण नेता हैं जिनके अतुलनीय योगदान ने न केवल टाटा समूह बल्कि हमारे राष्ट्र के मूल ढांचे को भी आकार दिया है। हर्ष गोयनका ने रतन टाटा के निधन पर शोक जताते हुए एक्‍स में लिखा, रतन टाटा ईमानदारी, नैतिक नेतृत्व और परोपकार की मिसाल थे। उन्‍होंने बिजनेस और उससे अलग भी दुनिया पर एक अमिट छाप छोड़ी है। वह हमारी स्मृतियों में सदैव ऊंचे रहेंगे।

गौतम अदाणी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, “भारत ने एक महान, दूरदर्शी व्यक्ति को खो दिया है जिसने आधुनिक भारत की राह को फिर से परिभाषित किया। रतन टाटा सिर्फ एक बिजनेस लीडर नहीं थे, उन्होंने अखंडता, करुणा और व्यापक भलाई के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के साथ देश की भावना को मूर्त रूप दिया। उनके जैसे महापुरुषों की चमक कभी फीकी नहीं पड़ती।”

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 9690319
आखरी अपडेट: 18th Oct 2024