भारतीय शेयर बाजार के लिए सोमवार का कारोबारी सत्र उतार-चढ़ाव भरा रहा। कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई, लेकिन अमेरिकी राजदूत के सकारात्मक बयान के बाद बाजार में जबरदस्त रिकवरी देखने को मिली और अंततः सूचकांक हरे निशान में बंद हुए।
सेंसेक्स-निफ्टी में दिनभर उतार-चढ़ाव
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 83,435.31 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान यह 82,861.07 अंक के निचले स्तर तक फिसला और 83,962.33 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंचा। अंत में सेंसेक्स 301.93 अंक या 0.36% की तेजी के साथ 83,878.17 अंक पर बंद हुआ।
निफ्टी भी उतार-चढ़ाव के बाद मजबूती के साथ हुआ बंद
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी उतार-चढ़ाव के बाद मजबूती के साथ बंद हुआ। निफ्टी की शुरुआत 25,669.05 अंक पर हुई। यह 25,473.40 अंक के निचले और 25,813.15 अंक के ऊपरी स्तर तक गया। कारोबार के अंत में निफ्टी 106.95 अंक या 0.42% की बढ़त के साथ 25,790.25 अंक पर बंद हुआ।
मेटल और कमोडिटी शेयरों ने बाजार को दिया सहारा
बाजार में तेजी लाने में मेटल शेयरों की अहम भूमिका रही। निफ्टी मेटल इंडेक्स 1.99% की बढ़त के साथ बंद हुआ। इसके अलावा निफ्टी कमोडिटीज 1.32%, निफ्टी पीएसई 0.86%, निफ्टी पीएसयू बैंक 0.65%, निफ्टी एफएमसीजी 0.59% और निफ्टी ऑयल एंड गैस 0.54% की तेजी के साथ बंद हुए।
मीडिया और रियल्टी शेयरों में दबाव
दूसरी ओर, कुछ सेक्टरों में बिकवाली का दबाव बना रहा। निफ्टी मीडिया 1.55%, निफ्टी रियल्टी 1.22%, निफ्टी फार्मा 0.41%, निफ्टी हेल्थकेयर 0.38%, निफ्टी ऑटो 0.27% और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.26% की गिरावट के साथ बंद हुए।
मिडकैप-स्मॉलकैप में कमजोरी
लार्जकैप की तुलना में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में हल्की कमजोरी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 31.05 अंक या 0.05% की मामूली गिरावट के साथ 59,717.10 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 89.35 अंक या 0.52% टूटकर 17,193.30 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के टॉप गेनर्स और लूजर्स
सेंसेक्स पैक में टाटा स्टील, एशियन पेंट्स, ट्रेंट, एसबीआई, एचयूएल, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, टीसीएस, टाइटन, मारुति सुजुकी, अदाणी पोर्ट्स, एनटीपीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फिनसर्व, आईटीसी, एचसीएल टेक और एमएंडएम के शेयरों में तेजी रही। वहीं इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, बीईएल, एचडीएफसी बैंक और एलएंडटी के शेयर नुकसान में रहे।
अमेरिकी राजदूत के बयान से बाजार को मिला भरोसा
हाल ही में नई दिल्ली में नियुक्त हुए अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के बयान से बाजार में सकारात्मक माहौल बना। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर लगातार बातचीत चल रही है और अगली बैठक मंगलवार को प्रस्तावित है।
मोदी-ट्रंप रिश्तों पर भरोसे का संदेश
अमेरिकी दूतावास में कार्यभार संभालते समय स्टाफ और पत्रकारों से बातचीत में गोर ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए शुभकामनाएं भेजी हैं।
मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच दोस्ती वास्तविक
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच दोस्ती वास्तविक है। भारत और अमेरिका का रिश्ता केवल आपसी हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि उच्चतम स्तर पर बने मजबूत संबंधों पर आधारित है।”
मतभेदों के बावजूद मजबूत साझेदारी
गोर ने आगे कहा, “सच्चे मित्र कई मुद्दों पर असहमत हो सकते हैं, लेकिन अंततः वे अपने मतभेद सुलझा ही लेते हैं।” उनके इस बयान को बाजार ने भारत-अमेरिका रिश्तों के लिए सकारात्मक संकेत के रूप में लिया, जिससे शेयर बाजार को मजबूती मिली। (इनपुट-आईएएनएस)


