प्रतिक्रिया | Thursday, May 01, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

10/04/24 | 8:49 pm | eid

printer

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों को दी ईद की बधाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बुधवार को ईद-उल-फितर की पूर्व संध्या पर देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह त्योहार हमें शांतिपूर्ण जीवन जीने के साथ समाज की खुशहाली और समृद्धि के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है। राष्ट्रपति ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि ईद -उल-फितर के मुबारक मौके पर मैं सभी देशवासियों और विदेश में रहने वाले भारतीयों, विशेष रूप से मुस्लिम भाइयों और बहनों को बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।

उन्होंने कहा कि रमजान के पवित्र माह के दौरान कठोर उपवास के बाद मनाया जाने वाला यह त्योहार आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है। एकता और सद्भाव बढ़ाने वाला यह पर्व हमें क्षमा और दान करने की शिक्षा भी देता है। ईद गरीबों और बेसहारा लोगों की मदद करने और उनके साथ खुशियां बांटने का अवसर है। यह त्योहार हमें शांतिपूर्ण जीवन जीने तथा समाज की खुशहाली और समृद्धि के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि ईद के पवित्र त्योहार पर प्रेम, करुणा के मानवीय आदर्शों का प्रसार करें

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि ईद-उल-फितर के पावन पर्व पर सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। पवित्र माह रमज़ान की समाप्ति पर मनाए जाने वाली ईद-उल-फितर का सांस्कृतिक रूप से विशेष महत्व है। कृतज्ञता और भाईचारे की भावना के प्रतीक इस त्योहार के केंद्र में करुणा, उदारता और एकता के मूल्य स्थापित हैं, जो हमारे विविधतापूर्ण राष्ट्र की मूल भावना को परिलक्षित करते हैं। उन्होंने कहा कि मेरी कामना है कि ईद का यह पावन अवसर सभी के जीवन में हर्षोल्लास, परिपूर्णता और शुभाशीष लेकर आए।

आगंतुकों: 25077813
आखरी अपडेट: 1st May 2025