07/06/24 | 7:58 pm | PM Modi

Print

राष्ट्रपति ने एनडीए नेता नरेन्द्र मोदी को नई सरकार गठन के लिए किया आमंत्रित, 9 जून को शपथ ग्रहण

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज शुक्रवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के नेता के तौर पर नरेन्द्र मोदी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। इससे पहले एनडीए के घटक दलों के नेताओं ने राष्ट्रपति से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। राष्ट्रपति से मुलाकात और सरकार बनाने का आमंत्रण मिलने के बाद प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति भवन के प्रांगण से अपने संबोधन में बताया कि वह रविवार 9 जून को शाम 6 बजे शपथ ग्रहण करने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ने उनसे मंत्रिपरिषद के गठन के बारे में जानकारी मांगी है। वह जल्द ही राष्ट्रपति को अपने मंत्रिपरिषद की जानकारी देंगे।

तीसरी बार एनडीए सरकार को समर्थन देने के लिए पीएम ने जताया आभार

प्रधानमंत्री ने देशवासियों का तीसरी बार एनडीए सरकार को समर्थन देने के लिए आभार प्रकट किया और विश्वास दिलाया कि उनकी सरकार निरंतर जनहित में कार्य करती रहेगी। उन्होंने कहा कि एनडीए एक मजबूत, स्थिर और विकासोन्मुख सरकार बनाएगा।

पीएम मोदी ने कहा, “18वीं लोकसभा एक प्रकार से नई ऊर्जा, युवा ऊर्जा और कुछ कर गुजरने की इरादे वाली ये लोकसभा है। आजादी का अमृत महोत्सव के बाद का ये पहला चुनाव है। ये एक प्रकार से वो 25 वर्ष हैं, जो हमारे अमृतकाल के 25 वर्ष हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए एक मजबूत, स्थिर और विकासोन्मुख सरकार बनाएगा। मैं देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि पिछले दो टर्म में जिस गति से देश आगे बढ़ा है, समाज के हर क्षेत्र में परिवर्तन साफ साफ नजर आ रहा है। 25 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर आना अपने आप में देशवासियों के लिए गर्व की बात है।”

उन्होंने कहा कि भारत दुनिया में एक विश्वबंधु बनकर उभरा है। इसका अधिकतम लाभ हमें मिलना शुरू हो रहा है। उन्हें पक्का विश्वास है कि 5 वर्ष वैश्विक परिवेश में भी भारत के लिए बहुत उपयोगी होने वाले हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले आज संविधान सदन में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार सरकार बनाने के लिए एनडीए संसदीय दल का नेता चुना गया। संसदीय दल का नेता चुने जाने के बाद उन्होंने वरिष्ठ भाजपा नेताओं लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी भेंट की।

RELATED ARTICLES

26/12/24 | 3:01 pm | ECI

लोकसभा चुनाव 2024 में 64.64 करोड़ मतदाताओं ने वोट डालकर बनाया विश्व रिकार्ड, ईसीआई ने जारी की रिपोर्ट

इस साल सम्पन्न हुए लोकसभा चुनाव में 64.64 करोड़ मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग करके नया विश्व...

23/11/24 | 2:49 pm | maharashtra assembly election result

महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन की सरकार बनना तय, सभी 288 सीटों के रुझान आए

महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों के रुझान आ गए हैं। महायुति गठबंधन 200 से ज्यादा सीटों पर बढ़त ब...