प्रतिक्रिया | Sunday, February 23, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

राष्ट्रपति मुर्मु चार दिवसीय तमिलनाडु के दौरे पर, शुक्रवार को आदिवासी समुदाय के सदस्यों से करेंगी बातचीत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज (शुक्रवार) तमिलनाडु के उदगमंडलम स्थित राजभवन में आदिवासी महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों और नीलगिरी जिले के आदिवासी समुदाय के प्रमुख सदस्यों के साथ बातचीत करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मु तमिलनाडु के अपने चार दिवसीय दौरे के तहत विभिन्न आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए 26 नवंबर को नीलगिरी जिले के एक पहाड़ी शहर उधगमंडलम पहुंचीं। तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि ने राजभवन पहुंचने पर राष्ट्रपति का स्वागत किया। राष्ट्रपति अपने दौरे के अंतिम चरण में 30 नवंबर को तिरुवरुर में तमिलनाडु केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।

राष्ट्रपति मुर्मु ने 28 नवंबर को तमिलनाडु के वेलिंगटन स्थित रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज के छात्र अधिकारियों और शिक्षकों को संबोधित किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज ने भारत और मित्र देशों के सशस्त्र बलों के संभावित अग्रणी व्यक्तियों और चयनित नागरिक अधिकारियों को प्रशिक्षित करने और शिक्षित करने में सराहनीय योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि पिछले सात दशकों में इसने मध्यम स्तर के अधिकारियों को पेशेवर रूप से तैयार करने में प्रमुख भूमिका निभाई है। इसे छात्र अधिकारियों के एक संयुक्त बहु-सेवा व बहु-राष्ट्रीय समूह और पेशेवर रूप से समृद्ध संकाय होने का अनूठा गौरव प्राप्त है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों का सभी लोग सम्मान करते हैं। वे हमारे देश की सीमाओं और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करने में सबसे आगे हैं। हमारे राष्ट्रीय हितों की निरंतर रक्षा करने के लिए राष्ट्र को हमारे रक्षा बलों पर गर्व है।

उन्होंने कहा कि यह जानकर खुशी हुई कि महिला अधिकारी अब तीनों सेनाओं में विभिन्न इकाइयों की कमान संभाल रही हैं। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि सभी क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती ताकत और भूमिका सभी के लिए, विशेषकर युवा लड़कियों के लिए उत्साहजनक और प्रेरणादायक है।

उल्लेखनीय है राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज उदगमंडलम स्थित राजभवन में आदिवासी महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों और नीलगिरी जिले के आदिवासी समुदाय के प्रमुख सदस्यों के साथ बातचीत करने वाली हैं। राष्ट्रपति अपने दौरे के अंतिम चरण में शनिवार को तिरुवरुर में तमिलनाडु केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।

 

 

आगंतुकों: 18510212
आखरी अपडेट: 23rd Feb 2025