झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। नेताओं ने रूपी सोरेन के निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
राष्ट्रपति मुर्मु ने जनजातीय समाज के लिए योगदान को किया याद
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की ओर से उनके कार्यालय के आधिकारिक एक्स हैंडल पर शोक संदेश जारी किया गया। इसमें कहा गया कि रूपी सोरेन के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। जनजातीय समाज के लोगों के सशक्तीकरण और कल्याण के लिए उनके कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे। राष्ट्रपति ने हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन और उनके समस्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
पीएम मोदी ने जताया गहरा दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रूपी सोरेन के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन ने हमेशा जनजातीय समुदायों के सशक्तीकरण के लिए काम किया। प्रधानमंत्री ने शोक की इस घड़ी में हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन और उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
हिमंता बिस्वा सरमा ने परिवार को संबल की प्रार्थना की
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने रूपी सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह दुखद समाचार है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और हेमंत सोरेन तथा उनके शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय व्यक्तिगत क्षति को सहने की शक्ति देने की कामना की।
विष्णु देव साय ने जताई संवेदना
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रूपी सोरेन के निधन को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
केशव मौर्य ने शोक-संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी रूपी सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक-संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में संबल मिलने की कामना की।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने की वाहे गुरु से प्रार्थना
दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने वाहे गुरु से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। (इनपुट: आईएएनएस)


