प्रतिक्रिया | Saturday, July 27, 2024

राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति ने पुरी में पटाखा विस्फोट में हुई मौतों पर दुख जताया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने गुरुवार को पुरी (ओडिशा) में भगवान जगन्नाथ की चंदन यात्रा उत्सव के दौरान पटाखों में हुए विस्फोट में हुई मौत की घटना पर दुख जताया है।

राष्ट्रपति ने अपने शोक संदेश में कहा कि पुरी, ओडिशा में चंदन यात्रा के दौरान पटाखों में विस्फोट के कारण आग लगने से कई लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत दुखदाई है। मैं शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि ओडिशा के पुरी में चंदन यात्रा के दौरान पटाखा विस्फोट की घटना में हुई दुखद मौत से व्यथित हूं। दुख की इस घड़ी में में शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

उल्लेखनीय है कि ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की चंदन यात्रा उत्सव के दौरान पटाखों के ढेर में विस्फोट होने से तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 30 लोग घायल हैं।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5519016
आखरी अपडेट: 26th Jul 2024