प्रतिक्रिया | Saturday, September 07, 2024

मॉस्को में भारतीय समुदाय के लोगों से मिले पीएम मोदी, बताया- तीसरे टर्म में क्या हैं सरकार के तीन बड़े लक्ष्य

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान आज मंगलवार को पीएम मोदी रूस के मॉस्को में एक सामुदायिक कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। बड़ी तादाद में भारतीय समुदाय के लोग प्रधानमंत्री को सुनने के लिए समारोह में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित भी किया। 

मैं अपने साथ 140 करोड़ देशवासियों का प्यार लेकर आया हूं

पीएम मोदी ने लोगों का अभिवादन करते हुए कहा, मैं अकेला नहीं आया हूं, मैं अपने साथ बहुत कुछ लेकर आया हूं। मैं अपने साथ हिंदुस्तान की मिट्टी की महक लेकर आया हूं। मैं अपने साथ 140 करोड़ देशवासियों का प्यार लेकर आया हूं।मोदी ने कहा, यह बहुत सुखद है कि तीसरी बार सरकार आने के बाद मेरा पहला संवाद यहां भारतीय प्रवासियों से आपके साथ हो रहा है।

आज के ही दिन मुझे शपथ लिए पूरा एक महीना हुआ है

पीएम मोदी ने कहा कि आज 9 जुलाई है आज के ही दिन मुझे शपथ लिए पूरा एक महीना हुआ है। आज से ठीक 1 महीने पहले मैंने भारत के पीएम पद की शपथ ली थी। 

तीसरे टर्म में तीन गुनी ताकत से काम करेंगे

आगे जोड़ते हुए उन्होंने कहा, उसी दिन मैंने एक प्रण लिया था कि अपने तीसरे टर्म में मैं तीन गुनी ताकत से काम करूंगा, तीन गुनी रफ्तार से काम करूंगा। लोगों को संबोधित करते हुए पीएम ने बताया कि कैसे भारत विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। 

पीएम ने बताया सरकार का क्या है लक्ष्य ?

पीएम ने कहा, ये भी एक संयोग है कि सरकार के कई लक्ष्यों में भी 3 का अंक छाया हुआ है। सरकार एक लक्ष्य है, तीसरे टर्म में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी बनाना। सरकार का लक्ष्य है, तीसरे टर्म में गरीबों के लिए 3 करोड़ घर बनाना। सरकार का लक्ष्य है, तीसरे टर्म में 3 करोड़ लखपति दीदी बनाना।

आज का भारत जो लक्ष्य ठान लेता है, वो पूरा करके ही रहता है

पीएम ने यह भी कहा कि आज का भारत जो लक्ष्य ठान लेता है, वो पूरा करके ही रहता है। आज भारत वो देश है, जो चंद्रयान को चंद्रमा पर वहां पहुंचाता है, जहां दुनिया का कोई देश नहीं पहुंच सका।आज भारत वो देश है, जो डिजिटल ट्रांजेक्शन का सबसे रिलायबल मॉडल दुनिया को दे रहा है। आज भारत वो देश है, जहां दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है। 2014 में देश में बस कुछ सौ स्टार्टअप थे, आज इनकी संख्या लाखों में है। आज भारत वो देश है, जो रिकॉर्ड संख्या में पेटेंट फ़ाइल कर रहा है, रिसर्च पेपर पब्लिश कर रहा है। यही मेरे देश के युवाओं की शक्ति है।

बदलते भारत को देखकर दुनिया हैरान 

पीएम ने आगे कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश ने विकास की जो रफ्तार पकड़ी है, उसे देखकर दुनिया हैरान है। दुनिया के लोग जब भारत आते हैं, तो कहते हैं कि ‘भारत बदल रहा है।’ भारत का कायाकल्प, भारत का नव-निर्माण वो साफ-साफ देख पा रहे हैं। भारत बदल रहा है, क्योंकि…भारत अपने 140 करोड़ नागरिकों के सामर्थ्य पर भरोसा करता है।

पीएम ने कहा, 140 करोड़ भारतीय अब विकसित देश बनने का सपना देख रहे हैं। आज 140 करोड़ भारतीय हर क्षेत्र में सबसे आगे निकलने की तैयारी में जुटे हुए हैं। आप सभी ने देखा है, हम अपनी अर्थव्यवस्था को सिर्फ COVID संकट से बाहर नहीं लाएंगे, बल्कि भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था को दुनिया की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था से बनाया है। भारत में ये बदलाव सिर्फ सिस्टम और इंफ्रास्ट्रक्चर का ही नहीं है, बल्कि ये बदलाव देश के हर नागरिक के, हर नौजवान के आत्मविश्वास में भी दिख रहा है।

आज देश आत्मविश्वास से भरा हुआ है

पीएम ने याद दिलाते हुए कहा कि 2014 से पहले हम निराशा की गर्त में डूब चुके थे। लेकिन आज देश आत्मविश्वास से भरा हुआ है। आपने भी हाल ही में T20 वर्ल्ड कप में भारत की विजय को सेलिब्रेट किया होगा। वर्ल्ड कप को जीतने की असली स्टोरी, जीत की यात्रा भी है। आज का युवा और आज का युवा भारत आखिरी बॉल और आखिरी पल तक हार नहीं मानता है। विजय उन्हीं के चरण चूमती है, जो हार मानने को तैयार नहीं होते हैं।

आने वाले 10 साल और भी फास्ट ग्रोथ के 

प्रधानमंत्री ने कहा, चुनाव के दौरान मैं कहता था कि बीते 10 सालों में भारत ने जो विकास किया है, वो तो सिर्फ एक ट्रेलर है। आने वाले 10 साल और भी फास्ट ग्रोथ के होने वाले हैं। भारत की नई गति, दुनिया के विकास का नया अध्याय लिखेगी। उन्होंने कहा, मुझे खुशी है कि ग्लोबल प्रोस्पेरिटी को नई ऊर्जा देने के लिए भारत और रूस कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं। यहां मौजूद आप सभी लोग भारत और रूस के संबंधों को नई ऊंचाई दे रहे हैं। आपने अपनी मेहनत और ईमानदारी से रूस के समाज में अपना योगदान दिया है।

भारत के सुख-दुख का साथी, भरोसेमंद दोस्त रूस

पीएम मोदी ने कहा, रूस शब्द सुनते ही…हर भारतीय के मन में पहला शब्द आता है… भारत के सुख-दुख का साथी, भारत का भरोसेमंद दोस्त। रूस में सर्दी के मौसम में टेंपरेचर कितना ही माइनस में नीचे क्यों न चला जाए भारत-रूस की दोस्ती हमेशा प्लस में रही है, गर्मजोशी भरी रही है।

म्यूचुअल ट्रस्ट और म्यूचुअल रिस्पेक्ट की मजबूत नींव पर बना ये रिश्ता

पीएम मोदी ने कहा, ये रिश्ता म्यूचुअल ट्रस्ट और म्यूचुअल रिस्पेक्ट की मजबूत नींव पर बना है। भारत-रूस की दोस्ती के लिए मैं विशेष रूप से अपने मित्र प्रेसिडेंट पुतिन की लीडरशिप की भी सराहना करूंगा। उन्होंने दो दशक से ज्यादा समय तक इस पार्टनरशिप को मजबूती देने के लिए शानदार काम किया है। बीते 10 सालों में मैं छठी बार रूस आया हूं और इन सालों मैं हम एक दूसरे से 17 बार मिले हैं।

21वीं सदी भारत की सदी 

उन्होंने कहा, ये सारी मीटिंग ट्रस्ट और रिस्पेक्ट बढ़ाने वाली रही है। जब हमारे स्टूडेंट्स संघर्ष के बीच फंसे थे, तो प्रेसिडेंट पुतिन ने उन्हें वापस भारत पहुंचाने में हमारी मदद की थी। मैं रूस के लोगों का, मेरे मित्र प्रेसिडेंट पुतिन का इसके लिए भी फिर से आभार व्यक्त करता हूं। पीएम ने आगे कहा, 2015 में जब मैं यहां आया था, तब मैंने कहा था कि 21वीं सदी भारत की होगी। तब मैं कह रहा था, आज दुनिया कह रही है। दुनिया के सभी विशेषज्ञ कह रहे हैं कि 21वीं सदी भारत की सदी है।

आज विश्व बंधु के रूप में भारत दुनिया को दे रहा नया भरोसा 

आखिर में पीएम मोदी ने कहा, आज विश्व बंधु के रूप में भारत दुनिया को नया भरोसा दे रहा है। भारत की ग्रोइंग केपेब्लिटीज ने पूरी दुनिया को स्टेब्लिटी और प्रोस्पेरिटी की उम्मीद दी है। न्यू इमर्जिंग मल्टीपोलर वर्ल्ड ऑर्डर में भारत को एक मजबूत पिलर के रूप में देखा जा रहा है।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 7712545
आखरी अपडेट: 7th Sep 2024