प्रतिक्रिया | Thursday, April 24, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरराष्ट्रीय जगत में भारत का मस्तक ऊंचा किया : राजनाथ सिंह

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को एक चुनावी जनसभा में कहा कि भाजपा सरकार में देश का प्रभाव बढ़ा है। अंतरराष्ट्रीय जगत में भारत का मस्तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऊंचा किया है। आज दुनिया के लोग भारत की बातों को बड़े गौर से सुनते हैं।

राजनाथ सिंह ने सारण से भाजपा उम्मीदवार राजीव प्रताप रूडी के समर्थन में आयोजित जनसभा में कहा कि पहले कांग्रेस की सरकारों को आपने देखा है। केवल जम्मू-कश्मीर ही नहीं बल्कि देश के किसी ना किसी राज्य में आतंकी घटनाएं होती रहती थीं, लेकिन आज भाजपा सरकार में आतंकी घटनाएं बंद हैं।

उन्होंने मोदी सरकार की सराहना की और कहा कि आपको रक्षा मंत्री होने के नाते आश्वस्त करता हूं कि देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। आज देश के पास वो ताकत है कि भारत सीमा के इस पार भी मार सकता है और जरूरत पड़ी तो सीमा के उस पार जाकर भी मार सकता है, ये हमारी ताकत है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि राजीव प्रताप रूडी ने अपने क्षेत्र में जमकर सेवा की है, इनको सबका भरपूर समर्थन मिलना चाहिए। रूडी बहुत कुशल पायलट हैं, अपने प्रतिद्वंदी को हवा में ही उड़ा देंगे। यही नहीं जहां भी एनडीए के उम्मीदवार हैं वहां उनको समर्थ दीजिए।

इससे पहले सारण के सांसद और इस सीट से भाजपा उम्मीदवार रूडी ने अपना नामांकन दाखिल किया। पत्नी और दोनों बेटियों के साथ वो समाहरणालय पहुंचे। नामांकन के लिए निकलने से पहले उन्होंने घर में पूजा-अर्चना की।
(इनपुट- हिन्दुस्थान समाचार)

आगंतुकों: 24370688
आखरी अपडेट: 24th Apr 2025