Print

प्रधानमंत्री मोदी ने धनतेरस पर मध्यप्रदेश को दी कई सौगात, तीन नए मेडिकल कॉलेज का किया लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने धनतेरस के मौके पर मध्यप्रदेश को एक साथ कई सौगात दीं। उन्होंने आज मंगलवार को राज्य के तीन मेडिकल कॉलेजों का वर्चुअली लोकार्पण किया। ये मेडिकल कॉलेज- मंदसौर, नीमच और सिवनी में खोले जा रहे हैं। तीनों मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 100-100 सीटें होंगी। गौरतलब है कि पीएम मोदी दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए) से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये मेडिकल काॅलेजों के लोकार्पण कार्यक्रम से जुड़े। पीएम ने मध्यप्रदेश के 81 लाख किसानों के खाते में राज्य सरकार की मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 1624 करोड़ रुपये की राशि भी ट्रांसफर की। उन्होंने मध्य प्रदेश के 512 आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे।

मुख्य कार्यक्रम मध्यप्रदेश के मंदसौर में आयोजित हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि हम देश की जनता को महंगे इलाज के बोझ से निकाल कर रहेंगे। देश इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके लिए देशभर में दो लाख से ज्यादा आरोग्य मंदिर खोले गए हैं, जहां कैंसर जैसी बीमारियों की भी जांच हो रही है। इससे लोगों का समय पर इलाज शुरू हो पा रहा है। इससे कई जानें बच रही हैं। ई-संजीवनी योजना के तहत अब तक 30 करोड़ लोग स्पेशलिस्ट डॉक्टरों से परामर्श ले चुके हैं। नि:शुल्क परामर्श मिलने से लोगों के पैसे बचे हैं।

पीएम मोदी ने देश के सभी 70 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजनों काे AB-PM-JAY के तहत शामिल किया 

प्रधानमंत्री मोदी ने वर्चुअल रूप से 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वृद्धजनों काे आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत शामिल किए जाने की योजना का भी शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार ने तय किया कि गरीब के पांच लाख रुपये तक के इलाज का खर्च सरकार उठाएगी। देश में लगभग चार करोड़ गरीबों ने आयुष्मान भारत योजना का लाभ उठाया है।

उन्होंने कहा कि एक समय था, जब इलाज में लोगों के घर, जमीने, गहनें सब बिक जाते थे। गंभीर बीमारी के इलाज का खर्च सुनते ही गरीब की आत्मा कांप जाती थी। पैसे की कमी की वजह से इलाज न करा पाने की बेबसी, बेचारगी गरीब को तोड़ कर रख देती थी। मैं अपने गरीब भाई-बहनों को इस बेबसी में नहीं देख सकता था, इसलिए अब 70 वर्ष से अधिक उम्र के देश के हर बुजुर्ग को अस्पताल में मुफ्त इलाज मिलेगा। ऐसे बुजुर्गों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड दिया जाएगा।

जानलेवा बीमारियों से रोकथाम के लिए केंद्र सरकार चला रही है मिशन इंद्रधनुष अभियान

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जानलेवा बीमारियों से रोकथाम के लिए मिशन इंद्रधनुष अभियान चला रही है। इससे ना सिर्फ गर्भवती महिलाओं की जिंदगी बच रही है, नवजात शिशुओं का जीवन बच रहा है, बल्कि वो गंभीर बीमारियों की चपेट में आने से भी बच रहे हैं। उन्होंने कहा “मैं अपने देश के गरीब और मध्यम वर्ग को महंगे इलाज के बोझ से बाहर निकालकर ही रहूंगा और देश आज इसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमारी सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में टेक्नोलॉजी का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करके भी देशवासियों के पैसे बचा रही है। आज हमने यू विन प्लेटफॉर्म भी लॉन्च किया है।” मंदसौर से पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव नीमच पहुंचे थे। यहां उन्होंने नीमच से झालावाड़ फोर लेन बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बाबा रामदेव की पतंजलि संस्था यहां की औषधि फसलें खरीदेगी। इसके लिए एमओयू साइन हुआ है। उन्होंने यहां विद्यार्थियों के सवालों के जवाब भी दिए।

RELATED ARTICLES

17 mins ago | clean energy

ऊर्जा सुरक्षा का भविष्य स्वच्छ ऊर्जा में, सौर नवाचार पर ध्यान दें स्टार्टअप और आईआईटी : प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम...

24 mins ago | Balanced fertilizer use

50 लाख किसानों तक पहुंचेगा खेत बचाओ अभियान-रबी 2026, मृदा स्वास्थ्य और टिकाऊ खेती पर जोर

केंद्र सरकार ने मृदा स्वास्थ्य, उर्वरकों के संतुलित उपयोग और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा दे...

1 hour ago | Constitution Fortnight

ओम बिरला ने जनप्रतिनिधियों से किया असहमति का सम्मान करने का आह्वान, बोले- संविधान भारत की आत्मा और नैतिक मार्गदर्शक

लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को हरियाणा के पंचकूला में आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मेलन में जन...