प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को कानपुर पहुंचे। इस दौरान उनका स्वागत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। एयरपोर्ट पर ही उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशन्या, मां सीमा और पिता संजय द्विवेदी से मुलाकात की।
पीएम मोदी ने कहा- आतंक के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी
आपको बता दें, पीएम मोदी ने चकेरी एयरपोर्ट पर पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी के परिजनों से मिले। शहीद शुभम द्विवेदी के पिता संजय द्विवेदी, मां सीमा द्विवेदी और पत्नी ऐशन्या मौजूद रहे। शुभम की पत्नी से घटना की जानकारी ली गई। इस दौरान शुभम की पत्नी ऐशन्या और पिता भावुक हो गए। पीएम ने ढांढस बंधाया और कहा कि आतंक के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।
पीएम मोदी घटना से काफी दुखी
शुभम की पत्नी ऐशन्या ने मीडिया को बताया कि पीएम मोदी घटना से काफी दुखी थे। उन्होंने कहा कि पूरा देश आपके साथ खड़ा है। उन्होंने हमारे पूरे विचार को ध्यान से सुना। पीएम पूरी घटना से काफी दुखी थे। पीएम ने हमसे मुलाकात की। उन्होंने कहा कि वह और पूरा देश हमारे परिवार के साथ हैं। इस घटना से पीएम बहुत दुखी थे। वह भी उतने ही दुखी हैं जितने की हम।
शुभम को शहीद का दर्जा देने की मांग को लेकर जब ऐशन्या से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि आज वह मौका नहीं था कि शहीद के दर्जे पर बात की जाती। पीएम खुद इतने भावुक थे कि हम उनसे मिलने के लिए दिल से धन्यवाद अदा करना चाहते हैं।
शुभम के पिता संजय द्विवेदी ने कहा कि 22 अप्रैल की घटना के बाद पीएम मोदी ने आतंकवाद पर कड़ा प्रहार किया है। आपकी कार्रवाई से हमें राहत मिली। पीएम ने गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आतंकवाद का समूल नाश करेंगे।
प्रधानमंत्री से मिलकर शुभम का परिवार हो गया काफी भावुक
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने शुभम के परिवार के मुखिया के रूप में बात की। उन्होंने कहा कि वह मिलते रहेंगे। पीएम से बात करके गौरव की अनुभूति हो रही है। घटना को लेकर उन्हें गहरा दुख है। पीएम ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर जारी रहेगा। वहीं, शुभम के चाचा ने बताया कि प्रधानमंत्री से मिलकर शुभम का परिवार काफी भावुक था। (इनपुट-आईएएनएस)


