प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को गंगटोक में सिक्किम राज्य के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह के अवसर पर कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बागडोगरा से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया।
बताना चाहेंगे पीएम मोदी गंगटोक में सिक्किम राज्य स्थापना समारोह में हिस्सा लेने वाले थे। मगर खराब मौसम की वजह से उन्होंने बागडोगरा से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
1975 में सिक्किम के 22वें राज्य बनने की याद में मनाया जा रहा आयोजन
गौरतलब हो, ‘सिक्किम@50: जहां प्रगति उद्देश्य से मिलती है और प्रकृति विकास को बढ़ावा देती है’ थीम के तहत इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह समारोह 1975 में सिक्किम के एक जनमत संग्रह के बाद भारत के 22वें राज्य बनने की याद में मनाया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप तत्कालीन चोग्याल साम्राज्य का भारतीय संघ में विलय हुआ था।
पीएम मोदी ने कई विकास परियोजनाओं की वर्चुअली आधारशिला रखी और उनका उद्घाटन किया
पीएम मोदी ने इस दौरान कई विकास परियोजनाओं की वर्चुअली आधारशिला रखी और उनका उद्घाटन किया। इसमें नाम्ची जिले में 750 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाला एक नया 500-बेड वाला जिला अस्पताल, ग्यालशिंग जिले के पेलिंग के सांगाचोलिंग में एक यात्री रोपवे, गंगटोक जिले के संगखोला में अटल अमृत उद्यान में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की एक प्रतिमा की स्थापना शामिल है।
स्मारक सिक्का और डाक टिकट भी किया गया जारी
इसके अलावा इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी की ओर से सिक्किम के राज्यपाल ने सिक्किम के 50 साल पूरे होने पर स्मारक सिक्का और डाक टिकट भी जारी किया।
बताना चाहेंगे प्रधानमंत्री मोदी पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार का भी दौरा करेंगे, जहां वे अलीपुरद्वार और कूच बिहार जिलों में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा वे बिहार का भी दौरा करेंगे और शाम लगभग 5:45 बजे पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे।
काराकाट में 30 मई को सुबह करीब 11 बजे प्रधानमंत्री 48,520 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। वह एक सार्वजनिक समारोह को भी संबोधित करेंगे।


