प्रतिक्रिया | Thursday, September 19, 2024

प्रधानमंत्री मोदी ने पहले राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर राष्ट्र को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को देशवासियों को पहले राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की उल्लेखनीय उपलब्धियों पर बेहद गर्व भी व्यक्त किया और कहा कि हमारी सरकार ने इस क्षेत्र से संबंधित कई भविष्योन्मुखी निर्णय लिए हैं तथा आगे भी इसी प्रकार के और निर्णय लेगी।

भारत पिछले वर्ष 23 अगस्त को चांद पर उतरने वाला दुनिया का चौथा देश और इसके दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में उतरने वाला पहला देश बना था। इस ऐतिहासिक उपलब्धि की याद में प्रधानमंत्री मोदी ने 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी।

पीएम मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर एक पोस्ट करते हुए कहा, “पहले राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर सभी को बधाई। हम अंतरिक्ष क्षेत्र में अपने देश की उपलब्धियों को बड़े गर्व के साथ स्मरण करते हैं। यह हमारे अंतरिक्ष वैज्ञानिकों के योगदान की सराहना करने का भी दिवस है। अंतरिक्ष क्षेत्र को आगे बढ़ाने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा, “हमारी सरकार ने इस क्षेत्र से संबंधित कई भविष्योन्मुखी निर्णय लिए हैं और आने वाले समय में हम इस क्षेत्र में और भी अधिक कार्य करेंगे।”

देश आज अपना पहला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मना रहा है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के मुताबिक, इसका मुख्य विषय ‘चंद्रमा को छूते हुए जीवन को छूना- भारत की अंतरिक्ष गाथा’ है।

उल्लेखनीय है कि भारत के चंद्रयान-3 मिशन ने 23 अगस्त, 2023 को चांद की सतह पर विक्रम लैंडर की सुरक्षित और सॉफ्ट लैंडिंग पूरी की थी। सॉफ्ट लैंडिंग के बाद प्रज्ञान रोवर की सफल तैनाती की गई। लैंडिंग साइट का नाम ‘शिव शक्ति’ पॉइंट रखा गया था।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 8301239
आखरी अपडेट: 19th Sep 2024