मंगोलिया के राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना आज मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत करेंगे और दोनों पक्ष द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण पहलुओं की समीक्षा करेंगे। बातचीत के बाद कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे मंगोलिया के राष्ट्रपति
मंगोलियाई राष्ट्रपति आज शाम राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे और राष्ट्रपति मुर्मु उनके सम्मान में भोज का आयोजन करेंगी। मंगोलिया के राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना कल चार दिवसीय भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया।
मंगोलिया के राष्ट्रपति के साथ आया है एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल
मंगोलिया के राष्ट्रपति के साथ एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है जिसमें कैबिनेट मंत्री, सांसद, वरिष्ठ अधिकारी, व्यापारिक नेता और सांस्कृतिक प्रतिनिधि शामिल हैं। राष्ट्रपति के रूप में राष्ट्रपति खुरेलसुख की यह पहली भारत यात्रा है।
1955 से भारत और मंगोलिया के बीच राजनयिक संबंध
भारत और मंगोलिया के बीच राजनयिक संबंध 1955 में स्थापित हुए थे। पिछले सात दशकों में, दोनों देशों ने साझा सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित एक घनिष्ठ और बहुआयामी साझेदारी विकसित की है। यह साझेदारी रक्षा और सुरक्षा, संसदीय आदान-प्रदान, विकास साझेदारी, ऊर्जा, खनन, सूचना प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और सांस्कृतिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में फैली हुई है।
भारत और मंगोलिया रणनीतिक साझेदार, आध्यात्मिक पड़ोसी और थर्ड नेबर हैं। मंगोलियाई राष्ट्रपति की राजकीय यात्रा दोनों देशों के नेतृत्व को द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति की समीक्षा करने, रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए दृष्टिकोण निर्धारित करने और पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर प्रदान करेगी।


