प्रतिक्रिया | Monday, February 24, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

प्रधानमंत्री ने देशवासियों को दीं रामनवमी की शुभकामनाएं, कहा- ‘राम भारत की आस्था हैं, राम भारत का आधार हैं…”

पूरे देश में आज रामनवमी का त्यौहार बहुत धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी देशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, “राम भारत की आस्था हैं, राम भारत का आधार हैं…”

मन भावविभोर और कृतार्थ

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, “देशभर के मेरे परिवारजनों को भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी की अनंत शुभकामनाएं! इस पावन अवसर पर मेरा मन भावविभोर और कृतार्थ है। ये श्रीराम की परम कृपा है कि इसी वर्ष अपने कोटि-कोटि देशवासियों के साथ मैं अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा का साक्षी बना। अवधपुरी के उस क्षण की स्मृतियां अब भी उसी ऊर्जा से मेरे मन में स्पंदित होती हैं।”

देशवासियों की कठिन तपस्या, त्याग और बलिदान का फल

पीएम ने आगे लिखा,”यह पहली रामनवमी है, जब अयोध्या के भव्य और दिव्य राम मंदिर में हमारे राम लला विराजमान हो चुके हैं। रामनवमी के इस उत्सव में आज अयोध्या एक अप्रतिम आनंद में है। 5 शताब्दियों की प्रतीक्षा के बाद आज हमें ये रामनवमी अयोध्या में इस तरह मनाने का सौभाग्य मिला है। यह देशवासियों की इतने वर्षों की कठिन तपस्या, त्याग और बलिदान का सुफल है।”

जनमानस के रोम-रोम में रचे-बसे हैं प्रभु श्रीराम

उन्होंने आगे कहा, “प्रभु श्रीराम भारतीय जनमानस के रोम-रोम में रचे-बसे हैं, अंतर्मन में समाहित हैं। भव्य राम मंदिर की प्रथम रामनवमी का यह अवसर उन असंख्य राम भक्तों और संत-महात्माओं को स्मरण और नमन करने का भी है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन राम मंदिर के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया।”

प्रभु श्रीराम के चरणों में कोटि-कोटि नमन और वंदन

प्रधानमंत्री ने कहा मुझे पूर्ण विश्वास है कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन और उनके आदर्श विकसित भारत के निर्माण के सशक्त आधार बनेंगे। उनका आशीर्वाद आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। प्रभु श्रीराम के चरणों में कोटि-कोटि नमन और वंदन!

आगंतुकों: 18522708
आखरी अपडेट: 23rd Feb 2025