भारत दौरे पर आए ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट अपनी तीन दिवसीय भारत यात्रा के तहत, 2026 अर्थशॉट प्राइज पुरस्कार समारोह के लिए सोमवार को मुंबई पहुंचे थे।
यह शाही जोड़ा मंगलवार को अर्थशॉट प्राइज समारोह में शामिल हुआ। इसके बाद वे नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए, जहां बुधवार को उनकी प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात होनी है। अप्रैल 2016 के बाद, यह प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट की दूसरी आधिकारिक भारत यात्रा है। कल मंगलवार को प्रिंस विलियम ने कहा कि वे और प्रिंसेस केट, अर्थशॉट प्राइज के लिए भारत आकर “बहुत खुश” हैं। उन्होंने बताया कि पिछले छह वर्षों में भारत ने अर्थशॉट में असाधारण योगदान दिया है।
खास बात ये रही कि समारोह स्थल तक पहुंचने के लिए शाही जोड़े ने टुक-टुक की सवारी की। ड्राइविंग सीट की कमान प्रिंस ने उठाई तो उनके पीछे प्रिंसेस ऑफ वेल्स बैठी थीं। बाद में प्रिंस ने कहा कि बेहद सुकूनदायक सवारी है। ऑटो पर ‘द अर्थशॉट प्राइज’ लिखा हुआ था।
प्रिंस विलियम ने साल 2020 में अर्थशॉट प्राइज की शुरुआत की थी। इसका मकसद पर्यावरण को बचाने के लिए काम करने वाले लोगों और संस्थाओं को बढ़ावा देना है। इस पहल का मकसद पर्यावरण को बचाने और जलवायु परिवर्तन की समस्या से निपटने के लिए नए और बेहतर समाधान खोजने के लिए प्रेरित करना है।
इस पुरस्कार के तहत हर साल पांच विजेताओं को चुना जाता है। प्रत्येक विजेता को अपने प्रयासों को आगे बढ़ाने और उनका विस्तार करने के लिए 1 मिलियन पाउंड (12 करोड़ से ज्यादा) की राशि दी जाती है। ऐसे में इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा से इवेंट में पहुंचना भी पर्यावरण के अनुकूल परिवहन का संदेश देता नजर आया।
सोमवार को भारत पहुंचने के बाद प्रिंस विलियम ने एक्स पर एक बयान जारी कर अर्थशॉट की खासियत समझाने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा, “कैथरीन और मैं इस साल के अर्थशॉट प्राइज़ के लिए भारत आकर बहुत खुश हैं। पिछले छह वर्षों में भारत ने अर्थशॉट में असाधारण योगदान दिया है। किसी भी अन्य देश की तुलना में, अर्थशॉट के सबसे ज्यादा फाइनलिस्ट और विजेता भारत से ही हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “यह देश पर्यावरण से जुड़े नवाचारों (इनोवेशन) के लिए दुनिया की सबसे रोमांचक जगहों में से एक बन गया है। यहां लोग हमारे सामने मौजूद सबसे बड़ी चुनौतियों के लिए व्यावहारिक समाधान तैयार कर रहे हैं।” (इनपुट-आईएएनएस)


