प्रतिक्रिया | Tuesday, October 22, 2024

मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीता प्रोजेक्ट के तहत दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया से लाकर बसाए गए चीतों का कुनबा एक बार फिर बढ़ने वाला है। दरअसल, दक्षिण अफ्रीका से लाई गई मादा चीता ‘वीरा’ गर्भवती है और वह जल्द ही मां बनने वाली है। कूनो पार्क प्रबंधन ने इसकी पुष्टि की है। फिलहाल प्रबंधन मादा चीता ‘वीरा’ के देखभाल में जुट गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस खुशखबरी पर वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी है। बता दें , कुनो में वर्तमान में 24 चीते हैं, जिनमें 12 शावक शामिल हैं।

सिंह परियोजना के संचालक एवं कूनो के मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) उत्तम कुमार शर्मा ने सोमवार को बताया कि कूनो राष्ट्रीय उद्यान में मादा चीता वीरा मां बनने वाली है। वह कभी भी मां बन सकती है। उसकी विशेष देखभाल की जा रही है। निगरानी के लिए 24 घंटे दो लोगों की टीम लगाई गई है। उसके मूवमेंट वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे बढ़ाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि भारतीय धरती पर मां बनने वाली वीरा चौथी मादा चीता होगी। इससे पूर्व आशा, गामिनी और ज्वाला कूनों में शावकों को जन्म दे चुकी हैं। आशा ने भारतीय धरती पर 26 दिसंबर को तीन शावकों को जन्म दिया था। यह शावक अब दस माह के हो चुके हैं। इसके बाद ज्वाला ने जनवरी में चार शावकों को जन्म दिया, जबकि गामिनी ने इतिहास रचते हुए भारतीय धरती पर छह शावकों को मार्च में जन्म दिया था। हालांकि इनमें से दो शावकों की मौत हो चुकी है। कूनो में फिलहाल 12 वयस्क चीते हैं, इनमें पांच नर और सात मादा चीता शामिल हैं। इनके अलावा यहां 12 शावक हैं और सभी स्वस्थ हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस खुशखबरी पर वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि “कूनो में आने वाली हैं खुशियां…देश के ‘चीता स्टेट’ मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में जल्द ही मादा चीता नए शावकों को जन्म देने वाली है। यह खबर ‘चीता प्रोजेक्ट’ की बड़ी उपलब्धि का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किया गया यह प्रोजेक्ट पारिस्थितिक संतुलन को निरन्तर बेहतर बनाने वाला सिद्ध हो रहा है।”

गौरतलब है कि चीता पुनर्स्थापना प्रोजक्ट के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 17 सितंबर 2022 को अपने जन्मदिन के अवसर पर नामीबिया से आठ चीतों को लाकर श्योपुर के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में छोड़ा था। इसके बाद 18 फरवरी 2023 को दक्षिण अफ्रीका से 12 चीतों को लाकर कूनो में बसाया गया था। इनमें से अभी तक कूनों में आठ चीतों की मौत हो चुकी है।

मई में, वीरा कुनो की सीमा से बाहर निकलकर जौरा और मोरेना के पहाड़गढ़ से होते हुए ग्वालियर के बागवाला गांव में पहुंच गई। यह पहली बार था जब वह किसी शहर के इतने करीब पहुंची। पार्क के बाहर, उसने बकरियों के झुंड पर हमला किया, जिसमें एक चरवाहे के सामने तीन बकरियों की मौत हो गई। वन्यजीव अधिकारियों ने उसकी गतिविधियों पर बारीकी से नज़र रखी और उसे सफलतापूर्वक कुनो नेशनल पार्क में वापस ले आए।

दरअसल दक्षिण अफ्रीका से स्थानांतरित होकर आई लगभग 5 वर्षीय वीरा, जिसने नर चीता पवन के साथ काफी समय बिताया है। वीरा और एक अन्य चीता, पवन, दोनों ही पार्क के बाहर घूमते देखे गए हैं। पवन को हाल ही में राजस्थान के करोली से वापस लाया गया था। इस साल की शुरुआत में, अप्रैल में, वीरा को मुरैना के जौरा, पहाड़गढ़ और कैलारस इलाकों में घूमने के बाद बचाया गया था। बाहर रहने के दौरान, उसने एक नीलगाय का शिकार किया और लगभग छह बकरियों का शिकार किया।

वन अधिकारियों ने पुष्टि की है कि वह अब सुरक्षित रूप से कुनो नेशनल पार्क में वापस आ गई है, जहां उसकी गर्भावस्था चीता आबादी के लिए नई आशा लेकर आई है। नए शावकों के आगमन की उम्मीद के साथ, यह खबर मध्य प्रदेश में वन्यजीव संरक्षण प्रयासों के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

 

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 9915717
आखरी अपडेट: 22nd Oct 2024