प्रतिक्रिया | Sunday, May 19, 2024

हर खेत में, हर घर तक पानी पहुंचाना मेरे जीवन का बहुत बड़ा मिशन है : प्रधानमंत्री मोदी

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (मंगलवार) महाराष्ट्र और तेलंगाना के चुनावी दौरे पर है। आज महाराष्ट्र के माढा में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से वोटिंग की अपील की। अपने सम्बोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की लटकाई 100 परियोजनाओं में से 63 हमने पूरी की हैं। हर खेत में, हर घर तक पानी पहुंचाना मेरे जीवन का बहुत बड़ा मिशन है। विकसित भारत बनाने में देश की नारी शक्ति की बहुत बड़ी भूमिका है। वे गांव की अपनी बहनों को सशक्त करने में जुटा है। बीते 10 वर्षों में हमारे प्रयासों से 1 करोड़ बहनें लखपति दीदी बनी हैं। उन्होंने कहा कि अब मोदी ने गारंटी दी है कि मैं 3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाऊंगा।

देश के 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला

महाराष्ट्र में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, बीते 10 साल में आपने जब से मुझे काम दिया है, मैंने अपने शरीर का कण-कण और समय का पल-पल आपकी सेवा में लगाया है। आज देश के लोग, महाराष्ट्र के लोग, मोदी सरकार के 10 साल और कांग्रेस सरकार के 60 साल में अंतर देख रहे हैं। कांग्रेस 60 वर्षों में जो नहीं कर पाई, आपके इस सेवक ने 10 साल में करके दिखाया है।

उन्होंने कहा कि पिछले 60 साल में आपने कई बार कांग्रेस के कई पीएम और नेताओं के मुंह से एक ही बात सुनी होगी कि गरीबी हटाएंगे, लेकिन गरीबी हटाई नहीं और आपके आर्शीवाद से हमने 10 साल में देश के 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है और इस पुण्य के हकदार सिर्फ आप लोग हैं।

पीएम मोदी ने यह भी कहा जब देश में मजबूत सरकार होती है तो उसका ध्यान वर्तमान के साथ ही भविष्य की योजनाओं पर भी होता है। यहीं सोचकर आज भाजपा सरकार रेल, रोड, एयरपोर्ट पर अभूतपूर्व खर्च कर रही है। बीजेपी-एनडीए सरकार, महाराष्ट्र को विकास की नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए काम कर रही है।

उन्होंने अपना वादा पूरा नहीं किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहा कि महाराष्ट्र की जनता जब प्यार और आशीर्वाद देती है, तब कोई कसर नहीं छोड़ती। लेकिन जब कोई अपना वचन पूरा नहीं करता, तो महाराष्ट्र की जनता उसे भी याद रखती है और समय आने पर हिसाब भी करती है। उन्होंने आगे कहा कि 15 साल पहले, एक बहुत बड़े नेता यहां चुनाव लड़ने आए थे। तब उन्होंने डूबते सूरज की शपथ लेकर कहा था कि यहां सूखे से प्रभावित क्षेत्रों तक पानी पहुचाएंगे। लेकिन उन्होंने अपना वादा पूरा नहीं किया।

60 वर्षों में दुनिया के अनेक देश पूरी तरह से बदल गए

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस को देश ने 60 साल तक राज करने का मौका दिया। इन 60 वर्षों में दुनिया के अनेक देश पूरी तरह से बदल गए, लेकिन कांग्रेस किसानों के खेत तक पानी नहीं पहुंचा पाई। 2014 में करीब 100 सिंचाई परियोजनाएं ऐसी थीं, जो कई दशकों से लटकी पड़ी थीं, इसमें से 26 परियोजनाएं महाराष्ट्र से थीं। उन्होंने कहा कि 2014 में सरकार बनने के बाद, मैंने पूरी शक्ति इन सिंचाई परियोजनाओं पर लगा दी। कांग्रेस की लटकाई 100 परियोजनाओं में से 63 हमने पूरी की हैं। हर खेत में, हर घर तक पानी पहुंचाना मेरे जीवन का बहुत बड़ा मिशन है।

विकसित भारत में अन्नदाता, विकसित भारत की ऊर्जा बने

उन्होंने महाराष्ट्र के लोगों से कहा कि बीते दशकों में किसानों ने अन्न की पैदावार में भारत को आत्मनिर्भर बनाया है। अब हमारा संकल्प है- विकसित भारत में अन्नदाता, विकसित भारत की ऊर्जा बने, अन्नदाता ऊर्जादाता बने।

हमने 1 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाया

उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि विकसित भारत बनाने में देश की नारी शक्ति की बहुत बड़ी भूमिका है। बीते 10 वर्षों में हमारे प्रयासों से एक करोड़ बहनें लखपति दीदी बनी हैं। अब मोदी ने गारंटी दी है कि मैं 3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाऊंगा।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 1733116
आखरी अपडेट: 19th May 2024