Print

जम्मू-कटरा रेल मार्ग पर सुरक्षा के लिए रेलवे की ₹238 करोड़ की परियोजना मंजूर

भारतीय रेलवे ने जम्मू-श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेल सेक्शन पर ढलान स्थिरीकरण, सुरंग पुनर्वास और पुल सुरक्षा कार्यों के लिए ₹238 करोड़ की परियोजना को मंजूरी दी है।

इस परियोजना के तहत संवेदनशील स्थानों पर ढलानों को मजबूत करना, सुरंगों में पानी रिसाव की समस्या का समाधान, पुलों की सुरक्षा से जुड़े कार्य और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह फैसला देश के सबसे चुनौतीपूर्ण भौगोलिक क्षेत्रों में सुरक्षित और भरोसेमंद रेल कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि कटिंग, पुलों और सुरंगों का विस्तृत आकलन करने के बाद इन सुरक्षा और पुनर्वास कार्यों को मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से इस रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण रेल सेक्शन की दीर्घकालिक सुरक्षा और विश्वसनीयता मजबूत होगी।

रेलवे के अनुसार, यह सेक्शन कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, कमजोर भूगर्भीय संरचना और अत्यधिक मौसम संबंधी चुनौतियों का सामना करता रहा है। इसके बावजूद भारतीय रेलवे ने समय पर इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और मजबूत इंजीनियरिंग के जरिए संचालन को सुचारु बनाए रखा है।

नई सुरक्षा और पुनर्वास परियोजनाओं के लागू होने के बाद यह रूट पहले से अधिक सुरक्षित और मजबूत बनेगा, जिससे हर साल यात्रा करने वाले लाखों श्रद्धालुओं और यात्रियों को बेहतर एवं भरोसेमंद रेल सेवा मिल सकेगी।

-(PIB)